गन्ने का रेट 25 रु बढ़ाने के सीएम योगी के ऐलान पर भाजपा सांसद ने फिर लिखा पत्र, कहा- 400 रु हो समर्थन मूल्य
पीलीभीत, 27 सितंबर। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी सांसद वरुण गांधी ने गन्ना किसानों का मुद्दा उठाते हुए सितंबर महीने में दूसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। 11 सितंबर को लिखे पत्र में सांसद वरुण गांधी ने सीएम योगी से गन्ने का रेट बढ़ाकर 400 रुपए प्रति क्विंटल करने का अनुरोध किया था। रविवार को सीएम योगी ने किसान सम्मेलन में गन्ने का समर्थन मूल्य 325 रुपए से बढ़ाकर 350 रुपए प्रति क्विंटल करने का ऐलान किया। इस पर सांसद वरुण गांधी ने फिर सीएम योगी को पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया और गन्ने का समर्थन मूल्य 400 रुपए प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की।
Recommended Video

सीएम योगी को लिखे पत्र को ट्वीट करते हुए ट्विटर पर सांसद वरुण गांधी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश में आगामी पेराई सत्र में गन्ने का रेट ₹350/क्विंटल घोषित करने के लिए योगी जी का आभार। मेरा निवेदन है कि कृपया इस पर पुनर्विचार कर बढ़ती लागत व महंगाई के अनुरूप ₹400 का रेट घोषित करें या सरकार की ओर से ₹50/क्विंटल का बोनस घोषित रेट के ऊपर अलग से देने की कृपा करें।

पत्र में सांसद ने लिखा कि उत्तर प्रदेश में 50 लाख किसान परिवार गन्ना की खेती कर रहे हैं और लाखों मजदूरों को इसमें रोजगार मिलता है। पीलीभीत के गन्ना किसानों का जिक्र करते हुए सांसद ने पत्र में कहा कि पिछले चार सालों में गन्ने की लागत- खाद, बीज, कीटनाशक, बिजली, पानी, डीजल, मजदूरी, छोल, ढुलाई आदि का खर्चा बहुत ज्यादा बढ़ गया है लेकिन पिछले चार सत्रों में गन्ने के रेट में मात्र 10 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई।
सीएम योगी को संबोधित पत्र में सांसद ने आगे लिखा कि आपकी सरकार ने यूपी में आगामी पेराई सत्र 2021-22 के लिए गन्ने के रेट में 25 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की है। इसके लिए धन्यवाद लेकिन गन्ना किसान और ज्यादा मूल्य वृद्धि की आशा कर रहे हैं। उन किसानों की आर्थिक हालत दयनीय है और उचित मूल्य नहीं मिलने की वजह से वे कर्ज में डूब गए हैं।
11 सितंबर की चिट्ठी का हवाला देते हुए सांसद ने लिखा कि उसमें मैंने निवेदन किया था कि गन्ना किसानों की दुर्दशा, गन्ने की बढ़ती लागत और महंगाई दर को देखते हुए इस साल गन्ने का मूल्य कम से कम 400 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया जाना चाहिए। इस पत्र के माध्यम से फिर निवेदन करता हूं कि इस पर पुनर्विचार करें क्योंकि यह लाखों किसानों और मजदूरों की आजीविका का प्रश्न है। इसके साथ ही सांसद ने सीएम योगी को लिखा कि आशा है कि किसनों और मजदूरों के हित में आप गन्ना मूल्य बढ़ाने की कृपा अवश्य करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications