कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर तेजस्वी ने लिखा खुला पत्र, कहा- हिम्मत और हौसला रखें
पटना। बिहार में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिसके चलते राज्य सरकार काफी चिंतित है। वहीं बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी बिहार के लोगों के लिए खुला पत्र लिखकर चिंता जाहिर की है। पत्र के जरिये उन्होंने अपील की है कि संकट की इस घड़ी में हिम्मत और हौसला रखें। तेजस्वी ने कहा कि सही फैसले से ही हम खुद को सुरक्षित रख पाएंगे। इसके अलावा पत्र के माध्यम से तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर भी हमला बोला है।

पत्र में तेजस्वी ने इस संकट के लिए सरकारी लापरवाही को जिम्मेवार ठहराया है और कहा है कि बिहार की बदहाल स्वास्थ्य संरचना, स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सकों और आपातकालीन चिकित्सकीय सुविधाओं की कमी है। अस्पतालों में दवा, बेड, ऑक्सीजन और इलाज का अभाव है। लाशों की ढेर लगी है। सही आंकड़ों को भी छुपाया जा रहा है।
इसके अलावा पत्र के जरिये तेजस्वी यादव ने कहा कि संक्रमित होने के बाद उपचार कराने से बेहतर है हम संक्रमित ना होने के उपायों पर ध्यान दें। सहयोग, सक्रियता, साहस, सतर्कता और जागरूकता के साथ इस खतरे का सामना करना है। दूसरे का सहयोग करें, नियमों का पालन करें और बचाव के उपायों को अपनाएं। बिहार के लोग मुसीबतों में लड़कर जीते हैं। इस बार भी जीतेंगे।
बता दें कि पिछले 24 घंटे में 12 हजार 672 नए कोरोना संक्रमित मिले। सबसे अधिक कोरोना के 2801 नए मरीज राजधानी पटना में मिले। वहीं इन नए मामलों के साथ ही प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 76 हजार 419 हो गई है। बता दें कि पिछले 24 घंटे में 54 संक्रमितों की मौत हो गई, जिनमें सबसे अधिक नालंदा मेडिकल कॉलेज में ही 24 लोगों की मौत हुई है। जबकि पटना मेडिकल कॉलेज में 9 लोगों की जान गई है। बता दें कि NMCH में वर्ष 2021 में मौत का सबसे बड़ा का आंकड़ा है। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications