बिहारः कोरोना से मरने वालों की संख्या 50 के पार, संक्रमितों का आंकड़ा 7665
पटना। बिहार में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। बीते रविवार को एम्स पटना में भर्ती दो और एनएमसीएच में एक समेत कुल तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई, जिसके बाद प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 54 हो गई है। वहीं पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) के सात डॉक्टर और क्लीनिकल पैथालॉजी विभाग के एक कर्मचारी सहित कुल 32 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। सात डॉक्टरों में पांच महिलाएं हैं, जो स्त्री एवं प्रसूति विभाग में जूनियर रेजीडेंट है।

बीते रविवार को हुई तीन मरीजों की मौत में से एक 44 वर्षीय विनय प्रसाद जहानाबाद के मकदूमपुर प्रखंड के सुमेरा गांव निवासी थे। वे दिल्ली में जिला पासपोर्ट अफसर थे। दूसरे मृतक जक्कनपुर थानेदार का चालक 50 वर्षीय होमगार्ड जवान बिंदा प्रसाद हैं। इसके अलावा एनएमसीएच के मेडिसीन विभाग में भर्ती 65 वर्षीय शहनाज बानो की मौत हुई है। वह बेगूसराय के टाउन थाना की निवासी थीं।
बता दें कि होमगार्ड जवान की पटना जिले में कोविड-19 से यह तीसरी मौत है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 54 हो गई है। राजधानी में रविवार को कुल 32 संक्रमितों में पटनासिटी के सात, सबलपुर के चार, सरिस्ताबाद के तीन जबकि बेउर, भागवतनगर, कंकड़बाग, अनीसाबाद, किदवईपुरी, कंकड़बाग, दीघा, भट्टाचार्या रोड, मनेर, मसौढ़ी, बिहटा का एक-एक मरीज है।
सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर चौधरी ने बताया कि पीएमसीएच के सात डॉक्टरों और एक कर्मचारी को होम आइसोलेशन में रहने की अनुमति दे दी गई है। एक 54 वर्षीय डॉक्टर को सांस लेने में तकलीफ है। राज्य में रविवार को कोरोना के 162 और संक्रमित मिले हैं। इनमें अकेले पटना से 15 हैं। जिसके बाद प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 7,665 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना की वजह से तीन लोगों की मौत हुई है और 264 लोग ठीक हुए हैं। अब तक 5,631 लोग स्वस्थ हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications