जयमाला के बाद लड़की के मामा ने की हर्ष फायरिंग, मजदूर के आर-पार हुई गोली
Patna news, पटना। हर्ष फायरिंग को लेकर कोर्ट द्वारा रोक के बावजूद बिहार में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग जारी है। इसी को लेकर बिहार के आरा में गुरुवार की रात शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग के बाद खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया। शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान एक व्यक्ति को गोली जा लगी जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी की है।

दरअसल आरा शहर के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी निवासी मोहन ओझा की बेटी की शादी के दौरान दूल्हे की बारात चौखट पर पहुंची। बारात के द्वार लगने के बाद जयमाला की रस्म हुई फिर भोजन होने के बाद गुरहत्थी का कार्यक्रम चल रहा था। तभी लड़की के मामा सुनील कुमार ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। हर्ष फायरिंग के दौरान एक गोली पास में कुर्सी पर बैठे सोनी महतो के सर को भेदते हुए आर-पार निकल गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई जिसका फ़ायदा उठाते हुए हर्ष फायरिंग कर रहा आरोपी लड़की का मामा मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर नवादा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे और घटना के वक्त मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस आरोपी मामा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है। वहीं इस घटना के बाद से ही मृतक के घर मे कोहराम मचा है।
ये भी पढ़ें- बिहार: एक साल से रोज 14 साल की बेटी का रेप करता था शराबी बाप












Click it and Unblock the Notifications