पटना NMCH अस्पताल की तस्वीरें एक बार फिर वायरल, ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ फर्श पर पड़ा है मरीज
पटना। बिहार इस वक्त बाढ़ और कोरोना जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इस दौरान लापरवाही की कई ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिसने हम सभी को झकझोर कर रख दिया। कहीं वेंटिलेटर बंद होने पर मरीज की जान चली जाती है तो कहीं डॉक्टर को ठेले पर मरीज का इलाज करने के लिए जाना पड़ रहा है। इन सारी तस्वीरों ने एक बात साफ कर दी है बिहार में स्वास्थ्य सेवाएं लचर हो गई हैं। ताजा मामला पटना के सबसे बड़े अस्पताल एनएमसीएच का है, जहां मरीज फर्श पर लेटा हुआ है।

अस्पताल के कोरोना वार्ड में बिजली नहीं है, जिससे मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिल पा रहा है। मरीजों के परिजन रात से सुबह तक अस्पताल कर्मियों से गुहार लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं। हद तो ये है कि अस्पताल के कॉरिडोर में कोरोना का मरीज फर्श पर लेटा है और अस्पताल कर्मी आसपास से गुजर रहे हैं लेकिन उसे कोई देखने वाला नहीं है।
एनएमसीएच की बदहाल स्थिति की तस्वीरें आने के दो दिन पहले 23 जुलाई को सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने एनएमसीएच का दौरा किया था और सब कुछ ठीक ठाक होने का दावा भी किया था। लेकिन स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दो दिन बाद हीं बदहाली का वीडियो एनएमसीएच से फिर आने लगा है। जबकि कुछ दिनों पहले इन्हीं कारणों के चलते प्रदेश सरकार ने एनएमसीएच के अधीक्षक को भी बदल दिया था।
लेकिन अभी भी एनएमसीएच के हालात जस के तस है। हॉस्पिटल में जहां-तहां डेड बॉडी पड़ा हुआ है. मरीज बेड से गिर कर मरा पड़ा है लेकिन उसे कोई उठाने तक नहीं आ रहा है। लाशों के साथ रहना मरीजों की मजबूरी बन चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications