महिला से संबंधों की बात खुली तो दरोगा ने कर दिया बीवी का मर्डर, शव को भी जलाया
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में अवैध संबंधों को लेकर हुई हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दरोगा ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को बागमती नदी के किनारे ले जाकर जला दिया। हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दरोगा फरार हो गया। वारदात समस्तीपुर जिले के हसनपुर की है। आरोपी दरोगा का नाम तारकेश्वर यादव है जो हसनपुर आरपीएफ आउट पोस्ट का प्रभारी बताया जा रहा है।

क्या है मामला
गौतम यादव ने बताया कि बेटी की शादी 12 साल पहले खोदाईबाग- मकसूदपुर निवासी स्व.रामकुमार यादव के पुत्र तारकेश्वर के साथ की थी। उनके तीन बच्चे साक्षी कुमारी (13), वंदना कुमारी (11) व सौरव कुमार (8) हैं। वह अपनी पत्नी व तीन बच्चे के साथ हसनपुर बाजार में ही एक किराए के मकान में रहता था। पिछले छह महीने से वह उनकी पुत्री के साथ मारपीट करता था। 5 जुलाई को तारकेश्वर ने ललिता के साथ पहले झगड़ा किया और फिर उसकी हत्या कर दी और शव को नदी किनारे जला फरार हो गया।

मरने से पहले ललिता ने फोन पर दी थी जानकारी
हत्या की इस वारदात की जानकारी मिलने पर ललिता के पिता और भाई हसनपुर थाने पहुंचे और सारी बात पुलिस को बताई। ललिता के परिजनों की मानें तो गुरुवार को ललिता ने फ़ोन पर उसके साथ हुई मारपीट और जान से मारने की धमकी की बात बताई थी। फिर तीन घंटे के बाद शाम सात बजे के आसपास हसनपुर में ही रह रहे उनके एक संबंधी ने फोन कर बताया कि ललिता की हत्या कर दी गई है।

पुलिस को 6 लोगों के खिलाफ दी तहरीर
वारदात की जानकारी मिलने पर मृतक ललिता के पिता और भाई परिजनों के साथ हसनपुर पहुंच गए और इसकी जानकारी स्थानीय हसनपुर थाना पुलिस को दी और इस मामले में आरपीएफ दरोगा तारकेश्वर कुमार यादव, एक महिला और चार अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वही, आरोपित आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर तारकेश्वर कुमार यादव की तलाश में समस्तीपुर जिले की पुलिस ने शनिवार को खैरा थाना क्षेत्र के खोदाईबाग मकसूदपुर गांव में छापेमारी की। हालांकि पुलिस को सफलता हासिल नहीं हुई।












Click it and Unblock the Notifications