पटना में शुरू हुआ कंट्रोल रूम, गलत देखें तो जरूर करें शिकायत
पटना (मुकुंद सिंह)। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कंट्रोल रूप स्थापित किया गया है। यदि आप कहीं भी कुछ गड़बड़ी या गलत होते देखें तो सीधे फोन घुमायें। पटना में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम के निर्देशन में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। इसमें कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पटना में आचार संहिता के अनुपालन के लिए 50 टीमों का गठन
एडीएम लॉ एंड ऑर्डर को इसका प्रभारी बनाया गया है। लोग फोन नंबर 0612-2219999 या टॉल फ्री नंबर 18003456348 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आदर्श आचार संहिता के लिए चार उड़नदस्ता दल भी रहेगा। ये दल शिकायतों की जांच व निगरानी का कार्य करेंगे। उड़नदस्ता दल में दस पदाधिकारियों को रखा जाएगा। शिकायत मिलते ही यह दल कार्य करना शुरू कर देगा।
शुरू हुआ सिंगल विंडो सिस्टम
डीएम ने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम पर कार्य शुरू हो गया है। इसमें एक एआरओ स्तर के पदाधिकारी व एक पुलिस पदाधिकारी रहेंगे। जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों में 14 सिंगल विंडो सेंटर बनाए जाएंगे। क्षेत्र में किसी प्रकार के राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए वहां 36 घंटे पहले आवेदन देना होगा। आवेदन के आधार पर हर प्रकार की स्वीकृति देकर कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति प्रदान की जाएगी। इसमें हेलीकॉप्टर उतारने के लिए हेलीपैड के निर्माण से लेकर सभा करने, प्रदर्शन का रूट निर्धारण, स्थल पर सुरक्षा की व्यवस्था समेत सभी अनुमति प्रदान कर दी जाएगी।
सभी गाड़ियों से हटेगी वीआईपी लाईट
चुनाव को लेकर डीएम ने सभी गाड़ियों से वीआईपी लाइट हटाने का निर्देश जारी किया है। वाहन कोषांग को इस संबंध में कार्रवाई करनी है। इसके अलावा गाड़ियों की जांच भी कराई जाएगी। अगर किसी वाहन से पैसे की बरामदगी होती है तो उस पर केस दर्ज कराया जाएगा। पैसे व गाड़ी को जब्त किया जाएगा।
तीन विधानसभा क्षेत्र में वीवीपैट का होगा प्रयोग
डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में वीवीपैट का प्रयोग होगा। आम लोगों को वोट डालने के बाद एक पर्ची दिखेगी, जिसमें अंकित रहेगा कि उन्होंने किस पार्टी के उम्मीदवार को वोट डाला है। इसके लिए दीघा, बांकीपुर व कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र का चयन किया गया है।













Click it and Unblock the Notifications