तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार से लगाई बिहार के मजदूरों को दूसरे राज्यों से निकालने की गुहार
पटना। देश भर में लॉकडाउन के कारण बिहार के लाखों मजदूर दूसरे राज्यों में फंसे हुए हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने महानगरों में फंसे लाखों श्रमिकों को बिहार वापस लाने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से वीडियो शेयर कर आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि आदरणीय नीतीश जी, आप वरिष्ठ नेता है। जब उतराखंड में फंसे हजारों गुजरातियों को डीलक्स बसों में विशेष इंतजाम करके अहमदाबाद ले जाया जा सकता है तो गरीब बिहारियों को 21 दिनों बाद भी साधारण ट्रेन से वापस क्यों नहीं लाया जा सकता? कृपया केंद्र से बात कर गरीबों के लिए कोई रास्ता निकालिए।

इसके अलावा तेजस्वी यादव ने एक और ट्वीट करके लिखा कि 'गरीब प्रवासी मज़दूर भी अमीर और संपन्न की तरह सम्मान के पात्र हैं। अगर आप एक वर्ग को एयरलिफ्ट कर सकते हैं तो क्या आप इन गरीब श्रमिकों के लिए रेल/बस परिवहन की व्यवस्था नहीं कर सकते? यह सुनिश्चित करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे गरिमा के साथ और सुरक्षित घर पहुंच सकें।'
बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच बिहार, यूपी और दूसरे राज्यों के कई मजदूर देश के महानगरों में फंसकर रह गए हैं। ये मजदूर काम की तलाश में महानगर पहुंचे थे लेकिन कोरोना के कहर के चलते जारी लॉकडाउन के कारण अपने घर नहीं पहुंच पा रहे हैं। लॉकडाउन के कारण इन्हें काम नहीं मिल रहा है और इनमें से ज्यादातर को खाने-पीने के लिए सरकार या दूसरे लोगों की मदद पर ही निर्भर होना पड़ रहा है। तेजस्वी ने इन मजदूरों को घर तक पहुंचाने की अपील सरकार से की है।












Click it and Unblock the Notifications