बिहारः दारोगा भर्ती परीक्षा में हुई धांधली का विरोध कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, जमकर चले पत्थर
पटना। बिहार के पटना शहर में दारोगा बहाली परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर दिया है। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे। अभ्यर्थी कारगिल चौक पर जमकर प्रदर्शन कर रहे थे। अभ्यर्थियों की मांग थी कि दारोगा बहाली वाली परीक्षा को कैंसिल किया जाए।

प्रदर्शन कर रहे दारोगा अभ्यर्थियों ने पूरा कारगिल चौक जाम कर दिया था। प्रशासन ने इस प्रदर्शन को तत्काल बंद करने का अल्टीमेटम दे दिया है। अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया है कि बिहार में हर परीक्षा से पहले पेपर आउट हो जाता है। लाठीचार्ज से नाराज छात्रों ने भी पुलिस पर हमला बोल दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान काफी देर तक कारगिल चौक और उसके आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बता दें कि साल 2019 में 22 दिसंबर को दारोगा बहाली के लिए परीक्षा ली गई थी। परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र लीक होने की बात पर परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया था। कुछ छात्रों ने तो बीच में ही परीक्षा छोड़ दी थी, जिसके बाद प्रशासन हैरान रह गया था। इस मामले में जिला प्रशासन का कहना था कि किसी भी केंद्र पर प्रश्न पत्र लीक नहीं हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications