Video: पाकिस्तान के पीएम इमरान खान बोले जर्मनी और जापान का बॉर्डर एक, लोग बोले भूगोल नहीं पढ़ा?
तेहरान। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री जो पिछले दिनों ईरान के दौरे पर थे, उन्होंने ज्वॉइन्ट प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ऐसी बात बोल दी, कि लोगों को समझ ही नहीं आ रहा कैसे प्रतिक्रिया दें। ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी के साथ इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब इमरान बोल रहे थे तो उन्होंने कह डाला कि यूरोप का देश जर्मनी और ईस्ट एशिया का देश जापान एक ही बॉर्डर साझा करते हैं। इमरान का यह वीडियो ट्विटर पर काफी शेयर हो रहा है और लोग उन्हें जमकर ट्रॉल कर रहे हैं।
फ्रांस की जगह बोल गए जापान
इमरान दरअसल एक उदाहरण दे रहे थे कि कैसे दोनों देशों ने वर्ल्ड वॉर टू के बाद बॉर्डर के क्षेत्र पर ज्वॉइन्ट इंडस्ट्रीज को तैयार किया है जिससे अर्थव्यवस्था को काफी मदद मिली है। इमरान ने कहा, 'बॉर्डर के क्षेत्र पर जर्मनी और जापान, दोनों की ज्वॉइन्ट इंडस्ट्रीज थीं।' ऐसा लगता है कि इमरान जापान और फ्रांस में कनफ्यूज हो गए थे। सेकेंड वर्ल्ड वॉर के बाद फ्रांस और जर्मनी ने ज्वॉइन्ट इंडस्ट्रीज शुरू की थी। दोनों देशों के बीच एलिसी ट्रीटी ऑफ फ्रेंडशिप साइन हुई थी। इस संधि के बाद जर्मनी और फ्रांस के बीच आर्थिक और मिलिट्री सहयोग बढ़ा था।
इतिहास में अक्सर गलती करते हैं पीएम
इमरान की इस गलती पर अब पाक में विपक्ष उन्हें आड़े हाथों ले रहा है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी ने इमरान की इस गलती को शर्मनाक करार दिया है। लोग इतिहास से जुड़े तथ्यों को भूलने पर इमरान को जमकर ट्रॉल कर रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब इमरान ने इस तरह की कोई गलती की है। पिछले वर्ष दिसंबर में इमरान ने अफ्रीका का एक उभरता हुआ देश करार दे दिया था।
'नया जापान की कर रहे थे बात'
एक ट्विटर यूजर ने इमरान की इस गलती पर लिखा, 'प्लीज कोई उनके लिए स्पीच राइटर ढूढ़ दे या फिर कोई उन्हें भूगोल की क्लास दे दे। कोई उन्हें कितना ट्रॉल कर सकता है।' वहीं एक और ट्विटर यूजर ने लिखा, 'यह अलर्ट करने वाला सच है कि इमरान उस देश के पीएम हैं जिसके पास परमाणु हथियार हैं।' वहीं एक यूजर ने इमरान पर 'नया जापान' कहकर तंज कसा जिसका बॉर्डर जर्मनी से लगा हुआ है। दिलचस्प बात है कि जर्मनी की राजधानी बर्लिन और जापान की राजधानी टोक्यों के बीच 8,910 किलोमीटर की दूरी है।












Click it and Unblock the Notifications