पाकिस्तानी सांसद आमिर लियाकत हुसैन की मौत, 18 साल की लड़की से शादी को लेकर चर्चा में थे
इस्लामाबाद, 06 जूनः विवादों में रहने वाले पाकिस्तानी सांसद आमिर लियाकत हुसैन की मौत हो गई है। उनकी उम्र महज 49 साल थी। उनका जन्म 1972 में कराची में हुआ था। उनकी मौत की वजह क्या रही है यह अभी तक पता नहीं चला है। अधिकारियों का कहना है, कि उनकी मौत की सही वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आमिर लियाकत ने तीन शादियां की थीं। तीसरी पत्नी दानिया शाह के साथ उनका विवाद चल रहा था।

घर में बेहोश पाए गए
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजनेता और चर्चित टीवी एंकर अपने घर पर बेहोश पाए गए जिसके बाद उन्हें प्रांतीय राजधानी के एक अस्पताल में ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति के कारण उन्हें कराची शहर के एक निजी अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया था, लेकिन डॉक्टर ने बताया कि उनकी मौत पहले ही हो चुकी है।

पीटीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष परवेज अशरफ ने की पुष्टि
उनके निधन की खबर की पुष्टि पीटीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष परवेज अशरफ ने भी की। उनके निधन के कारण सदन की कार्यवाही कल शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, टेलीवेंजेलिस्ट ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर रखा था। सुबह घर के कर्मचारियों ने कई बार उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया जहां बेहोश पाए गए।

कल शाम से ही थी तबीयत खराब
लियाकत हुसैन के ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उनकी कल शाम से ही तबीयत खराब थी। लेकिन उन्होंने अस्पताल जाने से इंकार कर दिया। कल रात उसने उनके कमरे से चीख भी सुनी थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिन्ना अस्पताल या सिविल अस्पताल ले जाया जाएगा, जिसके बाद उसे तत्काल परिवार को सौंप दिया जाएगा।

तलाक को लेकर थे चर्चा में
आमिर लियाकत हुसैन 49 साल के थे और अपनी शादी को लेकर काफी चर्चा में रहे थे। उन्होंने 18 साल की लड़की बेगम सईदा दानिया शाह से तीसरी शादी की थी। दोनों ने फरवरी महीने में शादी की थी। लेकिन चार महीने से भी कम वक्त में दोनों की बीच दूरियां इतनी बढ़ गयी कि मामला अदालत तक पहुंच गया। दानिया शाह ने अपने नवीनतम साक्षात्कार में कहा था कि उन्होंने आमिर लियाकत हुसैन को तलाक देने का फैसला किया क्योंकि पाकिस्तानी सांसद मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया था।

4 महीने चली शादी
दानिया ने आमिर से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दायर की थी। दानिया ने कहा था अब वह उसके साथ नहीं रह सकती इसलिए उसने तलाक देने का फैसला किया। तलाक के अलावा दानिया ने फैमिली कोर्ट में कई और मामले दर्ज कराए थे। अर्जी दायर करते हुए दानिया ने कहा था कि आमिर जैसे टीवी पर दिखता है,वैसा बिल्कुल भी नहीं है। वह शैतान से भी बदतर है।

प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
मीडिया को दिए इंटरव्यू में दानिया ने कहा,'इसने मुझ पर बहुत जुल्म किया है। इसने कई दिनों तक मुझे कमरे में बंद कर रखा। मुझे समय पर खाना नहीं मिलता था। सारी-सारी रात वह मुझे जगाए रखता था। वो मुझे जलील करता था। नौकरों या मीडिया की छोटी-छोटी बात इसे बुरी लग जाती थी और ये मुझसे आकर बहस करता था।' इसके कुछ समय बाद आमिर का आमिर का ड्रग्स लेते हुए एक आपत्तिजनक वीडियो भी वायरल हुआ था।

2018 में पीटीआई में शामिल
2018 में पीटीआई में शामिल होने से पहले आमिर एमक्यूएम-पी के सदस्य थे। उन्होंने सैन्य तानाशाह जनरल परवेज मुशर्रफ की सरकार के दौरान राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया था। वह दो बार नेशनल असेंबली के लिए चुने गए। 2018 में वह दूसरी बार पीटीआई से सांसद चुने गए थे हालांकि कुछ कारणों से उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह, पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, पीपीपी अध्यक्ष और विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो-जरदारी और सिंध के पूर्व राज्यपाल इमरान इस्माइल ने पूर्व विधायक के निधन पर दुख व्यक्त किया और उनकी आत्मा के लिए प्रार्थना की।












Click it and Unblock the Notifications