पाकिस्तानी अभिनेत्री ने कश्मीर पर बोलने से किया इनकार, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की मशहूर अभिनेत्री मेहविश हयात को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि अभिनेत्री ने कश्मीर मुद्दे पर कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया है। जिसके चलते उन्हें अपने ही देश के लोग भलाबुरा कह रहे हैं। दरअसल पाकिस्तान की मीडिया चाहती थी कि मेहविश कश्मीर मामले पर कुछ कहें, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

सोशल मीडिया पर मेहविश का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक पाकिस्तानी पत्रकार उनसे बार-बार कश्मीर पर सवाल पूछ रहा है। तभी मेहविश उसका कोई भी जवाब देने से बच रही हैं। मेहविश ने केवल इतना कहा कि उनसे इस मुद्दे पर कुछ भी कहने से मना किया गया है। जिसके बाद से सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। पाकिस्तानी लोग इस मुद्दे पर उनकी चुप्पी को भारत का समर्थन मान रहे हैं।
बाद में मेहविश ने अपनी सफाई में कहा है कि पत्रकार ने उनसे ये सवाल एक चैरिटी कार्यक्रम के दौरान पूछा था। और ऐसी जगह पर उन्हें इस मुद्दे पर कुछ भी कहने से मना किया गया था। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने की कई बार कोशिश की है, लेकिन उसे हर बार मुंह की खानी पड़ी है। कोई भी देश इस मुद्दे पर उसका समर्थन नहीं कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications