दरियादिली: गलती से बॉर्डर पार कर पड़ोसी मुल्क पहुंचे 16 वर्षीय बच्चे को पाकिस्तान ने भेजा भारत
लाहौर। पाकिस्तान ने 16 वर्ष के उस भारतीय बच्चे को देश वापस भेज दिया है जो गलती से बॉर्डर पार करके पड़ोसी मुल्क में दाखिल हो गया था। मंगलवार को पाक ने इस बच्चे को वाघा बॉर्डर के जरिए देश वापस भेजा है। यह बच्चा पिछले वर्ष गलती से पाकिस्तान पहुंच गया था। इस बच्चे का नाम बिमल नारजी है और यह असम का रहने वाला है।

असम का रहने वाला है बच्चा
पाकिस्तान के रेंजर्स ने अच्छी भावना का प्रदर्शन करते हुए इस बच्चे को बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) को सौंप दिया। पाक के अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इन्क्वॉयरी के बाद और बच्चे के सभी औपचारिक डॉक्यूमेंट्स की पूरी जांच करने के बाद इस बच्चे को उसके देश वापस भेज दिया गया। पिछले वर्ष दिसंबर में भारत की ओर से दो पाकिस्तानी नागरिकों मोहम्मद इमरान कुरैशी वारसी और अब्दुल्ला को अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए उनके देश भेजा गया था।
भारत ने दो पाक नागरिकों को भेजा वापस
अब्दुल्ला को साल 2017 में हिरासत में लिया गया था। वह शाहरुख खान का बहुत बड़ा फैन है और शाहरुख से मिलने के लिए भारत आ गया था। जाते समय अब्दुल्ला अपना वादा दोहराकर गया है। उसने कहा था कि वह वापस आएगा और इस बार शाहरुख से मिलकर रहेगा। वहीं पाक नागरिक वारसी को साल 2008 में एक स्थानीय कोर्ट की ओर से सजा सुनाई गई थी। उन्हें यह सजा ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट और पासपोर्ट एक्ट के तहत सुनाई गई थी। वह गलत डॉक्यूमेंट्स और जासूसी के दोषी पाए गए थे। वारसी साल 2003 में कोलकाता में अपने रिश्तेदारों से मिलने के मकसद से भारत आए थे। चार साल तक वारसी यहीं पर रहे जबकि उनका वीजा खत्म हो चुका था। वारसी ने भारतीय लड़की से शादी कर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications