पाकिस्तान: इमरान खान की नींद उड़ी, विपक्ष में जश्न का माहौल, जानें किसने क्या कहा?
नई दिल्ली, 8 अप्रैल: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा झटका दिया, जहां नेशनल असेंबली (संसद) को भंग करने वाला फैसला असंवैधानिक करार दिया गया। अब 9 अप्रैल को पाकिस्तान संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होगी। माना जा रहा कि इसमें इमरान बहुमत नहीं सिद्ध कर पाएंगे, जिस वजह से वो आम चुनाव के पक्ष में थे। वहीं कोर्ट के फैसले के बाद विपक्षी दलों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। उनको पूरा भरोसा है कि वो 9 अप्रैल को बहुमत सिद्ध कर नई सरकार का गठन करेंगे।

कोर्ट के फैसले पर नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ ने कहा कि आज का दिन पाकिस्तान के इतिहास में सुनहरे शब्दों में याद किया जाएगा। हम सभी विपक्षी दलों के प्रमुखों, सहयोगियों को धन्यवाद देते हैं, जो सच्चाई और प्रतिद्वंद्वियों के लिए बोलने के लिए हमारे साथ शामिल हुए, जिन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर असंवैधानिक कदम के खिलाफ हमारा साथ दिया। वहीं लंदन में मौजूद पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ ने कहा कि मैं देश के सभी लोगों को बधाई देना चाहता हूं। देश को बर्बाद करने वाले ऐसे शख्स से लोगों ने छुटकारा पा लिया है। इमरान खान ने आम लोगों को भूखा रखा। डॉलर आज 200 पर पहुंच गया है और देश में महंगाई से लोग निराश हैं।
वहीं सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इमरान खान टेंशन में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी संसद में कुल 342 सीटें हैं, जिसमें बहुमत के लिए 172 सदस्यों की जरूरत पड़ती है। विपक्षी दलों के पास अभी 174 से ज्यादा सांसदों का समर्थन है। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि इमरान खान के साथ 142 सदस्य ही है, ऐसे में सरकार का जाना तय है। पीटीआई नेता फवाद चौधरी के मुताबिक शुक्रवार को संसदीय समिति की बैठक होगी। इसके बाद रात को इमरान खान राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
इमरान ने कही ये बात
इमरान खान और उनकी पार्टी पीटीआई ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वो नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने के लिए तैयार हैं। वहीं इस फैसले के साथ इमरान को प्रधानमंत्री का पद फिर से मिल गया है।












Click it and Unblock the Notifications