पाकिस्तान ने सीमा लांघी, समुद्र में तीन भारतीय बोट सहित 18 क्रू मेंबर कर लिए कैद
कच्छ/नई दिल्ली। बार-बार कच्छ के रास्ते घुसपैठियों को भेजकर मुंह की खा रहे पाकिस्तान की हरकतें नहीं थम रहीं। इस बार पाकिस्तान ने समुद्र में सीमा लांघते हुए तीन भारतीय बोट सहित 18 क्रू मेंबर पकड़ लिए हैं। सरक्रीक क्षेत्र में पाकिस्तान मरीन सिक्योरटी एजेंसी की ओर से यह दुस्साहस किया गया। जानकारी होने पर बॉर्डर सिक्योरटी फोर्स (BSF) और भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से इस मुद्दे को पाक अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है।

पाकिस्तानी मीडिया ने कहा- 18 भारतीय पकड़े
भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाए जाने के बाद से बौखलाहट में पाकिस्तान लगातार उकसावे की हरकतें कर रहा है। पाकिस्तानी मीडिया में दिखाया जा रहा है कि तीन भारतीय नौका पाक के जलक्षेत्र में घुसीं, जिन्हें पाकिस्तान मरीन सिक्योरटी एजेंसी ने कैद कर लिया। उन नौकाओं में करीब 18 क्रू मेंबर्स थे।
पाकिस्तान से होती है भारत में ड्रग्स की तस्करी
आतंकियों की घुसपैठ कराने के अलावा पाकिस्तान भारत के खिलाफ कई अन्य तरह के छद्म युद्ध भी लड़ रहा है। भारत में ड्रग्स की तस्करी के ज्यादातर तार पाकिस्तान से जुड़े होते हैं। गुजरात में कच्छ के पाक से सटे सरक्रीक बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को पेट्रोलिंग के दौरान करोड़ों का ड्रग्स कई बार पड़ा मिला है।
इसी साल 500 करोड़ के ड्रग्स का खुलासा हुआ था
इसके अलावा समुद्र तटीय क्षेत्र में भी इसी साल 500 करोड़ के ड्रग्स का खुलासा हुआ था। तब ड्रग्स के पैकेट्स को तस्करों ने पकड़े जाने के डर से समुद्र में डुबो दिया था। गिरफ्त कई पाकिस्तानियों ने इस मामले में चौंकाने वाले खुलासे किए थे।
बचने के लिए समुद्र में फेंका था करोड़ों का ड्रग्स
विगत मई महीने में कोस्टगार्ड ने अल-मदीना नामक बोट से करोड़ों का ड्रग्स बरामद किया था। माना जा रहा है कि जो पैकेट अक्टूबर में मिले, वे शायद उसी समय इधर फेंके गए थे। सुरक्षाबलों ने ड्रग्स के कई पैकेट पानी से भी निकाले। ड्रग्स के पैकेट मिलने के अलावा सुरक्षा एजेंसियों और बीएसएफ आतंकी घुसपैठ को नाकाम करने में भी लगी हैं।












Click it and Unblock the Notifications