Video: डिफेंस डे पर पाक आर्मी चीफ राहील शरीफ ने भारत को दी धमकी
रावलपिंडी। भारत और पाकिस्तान के बीच 1965 में की जंग के 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं। जहां भारत इस जीत का जश्न मनाता है और शहीदों को याद करता है तो वहीं पाक इस बात को हरगिज मानने से इंकार कर देता है कि उसे इस जंग में हार मिली थी। इस वजह से छह सितंबर को पाक में डिफेंस डे मनाया जाता है। इस मौके पर पाक सेना प्रमुख ने भारत को युद्ध का अंजाम भुगतने की धमकी दी है।

रविवार को रावलपिंडी में सेना के मुख्यालय में डिफेंस डे के मौके पर जनरल शरीफ ने 65 की जंग में शहीद हुए अपने सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और पाक सेना को बेस्ट बताया। उन्होंने कहा कि पाक सेना किसी भी तरह के खतरे से निपट सकती है।
जनरल शरीफ इस मौके पर कश्मीर का जिक्र करना नहीं भूले। उन्होंने कश्मीर को भारत पाकिस्तान की जंग का अधूरा एजेंडा बताया। उनकी मानें तो इस विवाद को सुलझाए बिना दोनों देशों में शांति नहीं आ सकती है।
जनरल शरीफ की मानें तो इस बात को दूसरे देशों को बखूबी समझ लेना चाहिए कि जब तक कश्मीर का मुद्दा हल नहीं होगा यहां पर शांति नहीं आ पाएगी। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों को तवज्जो देकर इस मुद्दे को यूएन रेजॉल्यूशन के मुताबिक हल करना पड़ेगा।
उन्होंने भारत पर सीजफायर वॉयलेशन का इल्जाम लगाया और कहा कि कश्मीर की जनता पिछले कई वर्षों से जुल्म का शिकार हो रही है। जनरल शरीफ के मुताबिक पाक की सेना हर छोटे और बड़े युद्ध का जवाब देने की ताकत रखती है।
भारत का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि दुश्मन को हर हमले की बड़ी कीमत अदा करने के लिए तैयार रहना चाहिए। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते भारतीय सेना के प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने सेना से छोटे बड़े युद्धों के लिए तैयार रहने को कहा था।












Click it and Unblock the Notifications