नवाज शरीफ ने हार के लिए इशारों-इशारों में ठहरा दिया IMF को जिम्मेदार, कही ये बात
लंदन, 18 जुलाईः पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से समझौता करने के लिए सरकार ने जो 'मुश्किल फैसले' किए हैं उसी के कारण सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) पंजाब विधानसभा उप चुनाव में हारी है। मीडिया में सोमवार को जारी एक खबर में यह जानकारी दी गयी।

इमरान खान ने लहराया परचम
तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने रविवार को पंजाब के एसेंबली उपचुनावों में वर्तमान प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ को करारा झटका देते हुए बुरी तरह हराया। पंजाब की 20 में से 18 सीटों पर इमरान की पार्टी ने चुनाव जीत लिए हैं। इससे पहले साल 2018 में पाकिस्तान में आम चुनाव हुए थे। इस चुनाव में भी इमरान खान की पार्टी को इतनी सीटें हासिल नहीं हुई थीं जितनी इस बार पीटीआई ने वहां जीत ली है।
हमजा शहबाज के लिए मुश्किल
तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान को अप्रैल में अपदस्थ किये जाने के बाद से उनकी पार्टी 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (पीटीआई) और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पार्टी 'पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज' (पीएमएल-एन) के बीच यह पहला प्रमुख चुनावी मुकाबला था। चुनाव के ये नतीजे शहबाज के बेटे मुख्यमंत्री हमजा शहबाज के लिए खतरे की घंटी हैं। वह पंजाब प्रांत के सीएम का अपना पद खोने वाले हैं।
22 जुलाई को होने हैं चुनाव
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव 22 जुलाई को चुनाव होना है। पीटीआई-पीएमएलक्यू के संयुक्त उम्मीदवार चौधरी परवेज इलाही के नए मुख्यमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके शरीफ फिलहाल लंदन में हैं।
'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुतबिक उन्होंने अपने छोटे भाई एवं प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मुख्यमंत्री हमजा शरीफ से बात की और उनसे पार्टी की एक आपात बैठक बुलाने को कहा। पार्टी के सूत्रों के अनुसार पार्टी प्रमुख ने कहा कि आईएमएफ से समझौता करने के लिए सरकार ने जो ''मुश्किल निर्णय'' लिए हैं उसी से पीएमएल-एन पंजाब विधानसभा उप चुनाव में हारी है। नवाज शरीफ का इशारा तेल के दामों में भारी वृद्धि की ओर था।












Click it and Unblock the Notifications