इस्लामाबाद के आसमान पर F-16 की उड़ान के पीछे की पूरी कहानी
इस्लामाबाद। रविवार को उरी आतंकी हमले के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच कई ऐसे घटनाक्रम हो रहे हैं जो हर किसी को दुविधा में डाल रहे हैं।
गुरुवार को इस्लामाबाद में जो कुछ हुआ वह इसका ताजा उदाहरण है। चार एडवांस्ड फाइटर जेट्स जिनमें दो एफ-16 थे, ने उड़ान भरी और लोग दहशत में आ गए।

अलग-अलग थ्योरीज
कुछ लोग इस पाकिस्तान एयरफोर्स के साधारण युद्धाभ्यास का हिस्सा बता रहे हैं तो कुछ ने तख्तापलट की ओर इशारा किया।
वहीं विशेषज्ञों का एक बड़ा वर्ग मान रहा है कि पाक खुद को भारत के साथ युद्ध के लिए तैयार कर रहा है। एयरफोर्स की एक्सरसाइज की वजह से पाक के स्टॉक मार्केट भी गुरुवार को धड़ाम हो गए।
240 मील की रफ्तार और हाइवे से टेक ऑफ
दोनों देशों के बीच तनाव के बीच ही एयरफोर्स एक्सरसाइज ने पाक में लोगों को एक अजीब उत्साह से लबरेज कर दिया है।गुरुवार को इस्लामाबाद में जहां एफ-16 उड़ान भर रहे थे तो लाहौर में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लग रहे हैं।
एफ-16 और मिराज फाइटर जेट ने इस्लामाबाद और लाहौर को जोड़ने वाले हाइवे से 240 मील प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी थी
पाक सेना परख रहीं क्षमताएं
टीवी चैनल जो कुछ भी बता रहे थे वह कुछ इस तरह से था, 'भारत की ओर से बढ़ते खतरे के जवाब में पाकिस्तान की सेनाओं ने अपने वतन की रक्षा के लिए तैयारियों में इजाफा कर लिया है ताकि दुश्मन के किसी भी हमले का जवाब दिया जा सके।'
पाक मीडिया की मानें तो पाक एयरफोर्स की एक्सरसाइज की वजह से ही नार्दन पाकिस्तान के एयरस्पेस को बंद किया गया जिसकी वजह से अब तक 10 फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं।
कोडनेम के साथ हो रही एक्सरसाइज
पाकिस्तान के एयरफोर्स अधिकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम को एक रूटीन एक्सरसाइज करार दिया है। इस एक्सरसाइज को 'हाई मार्क' कोडनेम दिया गया है। पाक का कहना है कि वर्ष 2010 में भी ऐसी ही एक्सरसाइज हुई थी।
वहीं एक अधिकारी की मानें तो पाकिस्तान ने ऐसे नए हाइवे तैयार किए हैं जिन पर इमरजेंसी की हालत में जेट्स और दूसरे एयरक्राफ्ट की लैंडिंग कराई जा सके।
इसका मतलब यह नहीं है कि पाक युद्ध की तैयारी कर रहा है। इसका मतलब सिर्फ इतना है कि हम अपनी क्षमताओं को परख रहे हैं।
रणनीति का हिस्सा एफ-16 की फ्लाइंग
दूसरी तरफ दो ऐसे सुरक्षा अधिकारियों ने वाशिंगटन पोस्ट को नाम न बताने की शर्त पर कहा कि यह रूटीन एक्सरसाइज या रूटीन सॉर्टीज से कहीं ज्यादा है। यह उस रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत भारत की ओर से किसी भी संभावित हमले का जवाब दिया जा सके।
एक अधिकारी ने कहा है कि पाक किसी भी तरह युद्ध या आक्रामण में भरोसा नहीं रखता है लेकिन अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। इस अधिकारी के मुताबिक पाक ने हवा और जमीन पर सुरक्षा तैयारियों को परखा है।
पाक फाइटर जेट्स अपग्रेडेड
पूर्व डिप्टी पाक एयरफोर्स चीफ शाहिद लतीफ ने वाशिंगटन पोस्ट को बताया है कि भारत को यह याद दिलाने के लिए जरूरी है कि पाक की सेना और परमाणु ताकत किसी भी खतरे से निबटने के लिए कैसी है।
उन्होंने कहा कि पाक एयरफोर्स ने अपने एफ-16 और जेएफ-17 थंडर जेट फाइटर जेट्स को भी अपग्रेड कर लिया है।
भारत को बताया कुंठित देश
शाहिद लतीफ ने भारत को एक कुंठित देश बताया और कहा कि भारत कुंठा में कुछ कर सकता है। इसी कुंठा में भारत कोई सर्जिकल स्ट्राइक भी पाक के खिलाफ लांच कर सकता है।
ऐसे में पाक की सेनाओं को पूरी तरह से तैयार रहना होगा। एयरफोर्स मोटरवे का प्रयोग कर रही है। अगर भारत हमला करता है तो सेना को मालूम है कि उसे क्या करना है।
हाइवे पर हो रही है लैंडिंग
पाक अधिकारियों ने बताया है कि बुधवार और गुरुवार को पाक के फाइटर जेट्स ने सिक्स लेन वाले हाइवे पर कई बार लैंडिंग की है। यह हाइवे इस्लामाबाद को लाहौर से जोड़ता है और भारतीय सीमा के पास है। हाइवे अधिकारियों ने भी बताया कि उन्होंने हर बार लैंडिंग के समय ट्रैफिक को दूसरी तरफ डायवर्ट किया।
एयरफोर्स कर रही एयरपोर्ट का प्रयोग
फाइटर जेट्स ने उस हाइवे पर भी लैंडिंग की जो इस्लामाबाद को गिलगित और पश्चिमी शहर पेशावर से जोड़ता है। अगले कई दिनों तक इस्लामाबाद से नॉर्दन एरिया की ओर जाने वाली फ्लाइट्स को कैंसिल रखा गया है क्योंकि स्थानीय एयरपोर्ट का प्रयोग एयर फोर्स करने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications