शादी की खबरों पर बोले इमरान सही समय का करें इंतजार
लाहौर। क्रिकेटर से नेता बने तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के मुखिया इमरान खान अपनी शादी से जुड़ी खबरों पर इस कदर नाराज हैं कि उन्हें इस पर सफाई देने के लिए ट्विटर का सहारा लेना पड़ गया।

इमरान खान ने ट्विटर पर लिखा है कि पूरी दुनिया का मीडिया उनकी गुपचुप शादी की खबरों को काफी बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रहा है। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से बीबीसी की पूर्व न्यूज एंकर रेहम खान के साथ इमरान की शादी की खबरें आ रही हैं।
अगर आपको याद हो तो अगस्त में जब इमरान खान ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों की शुरुआत की थी, उसके बाद उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह जरूर एक बार फिर से शादी करना चाहेंगे।
इमरान ने ट्वीट कर कहा है, 'मेरे निकाह की खबरें बढ़ा-चढ़ाकर बताई जा रही हैं।' रेहम फिलहाल डॉन न्यूज पर अपना एक शो 'इन फोकस विद रेहम खान' होस्ट करती हैं। जब से इमरान और रेहम की शादी की खबरें आई हैं तब से ही इस शो की रेटिंग काफी तेजी से बढ़ी है।
ट्विटर से अलग इमरान ने एक बयान भी जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि उनके निकाह के बारे में जितनी भी खबरें आ रही हैं वह पूरी तरह से गलत हैं। इमरान के मुताबिक उन्होंने सपोर्टर्स के सामने फिर से निकाह करने की ख्वाहिश जाहिर की थी लेकिन वह कोई भी जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं।
इमरान के मुताबिक दूसरी शादी में ज्यादा सोचना समझना पड़ता है क्योंकि इसमें बच्चे भी शामिल होते हैं। इमरान के मुताबिक पूरा देश अभी पेशावर में हुए आतंकी हमले से बाहर नहीं आया है और ऐसे में बेहतर होगा कि सही समय का इंतजार किया जाए।
इमरान ने जहां सही समय का इंतजार करने को कहा है तो वहीं अभी तक रेहम की ओर से भी कोई बयान नहीं आया है। ऐसे में इनकी शादी हुई है या नहीं इस पर भी सस्पेंस काफी गहरा गया है।












Click it and Unblock the Notifications