अमेरिका में राजदूत रहे सोहेल महमूद को राजदूत बनाकर भारत भेज रहा पाकिस्तान
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बाद पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित को हटाया गया, अब सोहेल महमूद होंगे बासित की जगह पाक के नए उच्चायुक्त।
इस्लामाबाद। भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित की जगह अब सोहेल महमूद लेंगे। पाकिस्तान की ओर से यह बदलाव भारत के साथ बढ़ते तनावों के बीच ही लिया गया है। पाकिस्तान की सरकार की ओर से महमूद की नियुक्ति को हरी झंडी मिल गई है। वर्ष 2014 में बासित को भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया था।

कौन हैं नए उच्चायुक्त महमूद
सोहेल महमूद पाकिस्तान के एक टॉप डिप्लोमैट हैं और वर्ष 1985 में उन्होंने पाकिस्तान की फॉरेन सर्विस को ज्वॉइन किया था। भारत में महमूद का यह पहला असाइनमेंट है। एक सीनियर डिप्लोमैट के तौर पर उन्होंने काफी दबाव वाली जिम्मेदारियों को पूरा किया है। वर्ष 1991 से 1994 के बीच वह टर्की में पाकिस्तान के राजदूत थे। इसके अलावा उन्होंने वॉशिंगटन और न्यूयॉर्क में पाकिस्तान के अलग-अलग मिशन में काम किया है। वर्ष 2009 से 2013 तक वह थाइलैंड में पाकिस्तान के राजदूत थे। विशेषज्ञों की मानें तो पाकिस्तान कभी भी भारत में उच्चायुक्त की नियुक्ति में अनुभव को नहीं परखता है। पूर्व में पाकिस्तान की ओर से सलमान बशीर और शाहिद मलिक जैसे ऐसे उच्चायुक्तों की नियुक्ति हुई है जिन्होंने कभी भी इस पद से पहले भारत में कोई सेवा नहीं दी थी।
पिछले दिनों बासित को किया गया था समन
पिछले बुधवार को विदेश मंत्रालय की ओर से पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित को तलब किया गया था। उनके सामने विदेश मंत्रालय ने पुंछ की कृष्णा घाटी में दो जवानों के शवों के साथ बर्बरता करने के मुद्दे पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। साथ ही भारत ने मांग की थी कि पाकिस्तान इस पूरे मुद्दे पर कड़ा एक्शन ले। इसके अलावा जब पाकिस्तान ने इंडियन नेवी के पूर्व ऑफिसर कुलभूषण जाधव को मौत की सजा सुनाई थी तो उस समय भी बासित का बयान आया था। बासित ने कहा था कि जाधव को ईमानदार ट्रायल के बाद ही फांसी की सजा फील्ड जनरल कोर्ट मार्शल ने दी है।












Click it and Unblock the Notifications