नोएडा: इमारत के बेसमेंट में बनाई जा रही दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत
नोएडा, 16 नवंबर। उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 2 में एक इमारत के बेसमेंट में निर्माण कार्य चल रहा था जिस दौरान दीवार गिरने से हादसा हो गया। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, नोएडा सेक्टर 20 थाना क्षेत्र के सेक्टर 2 को मकान नंबर A 35 के बेसमेंट में दीवार बनाने के लिए सरिया बांधने का काम चल रहा था कि तभी पहले से बनी दीवार गिर गई। दो मजदूर दीवार के मलबे के अंदर दब गएर। घटनास्थल पर मौजूद ठेकेदार और मजदूर वहां से फरार हो गये। गार्ड के शोर मचाने पर लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। दोनों मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, फरार ठेकेदार और मजदूर की तलाश की जा रही है।

नोएडा सेक्टर 2 के इस इमारत में ठेकेदार और तीन मजदूर मौजूद थे। इस इमारत में कई कंपनियों के ऑफिस हैं। इमारत का मालिक गुरुप्रीत सिंह अमेरिका में रहता है। घटना के बारे में एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने कहा कि राजन नाम का ठेकेदार तीन मजदूरों से यह काम करा रहा था। सोमवार रात में करीब आठ बजे एक दीवार गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनाकर गार्ड ने शोर मचाया। पुलिस भी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची। दोनों घायल मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

दोनों मृत मजदूरों में से एक की शिनाख्त हो पाई है। मृतक का नाम अतुन दास बताया जा रहा है और वह पश्चिम बंगाल का निवासी था। दूसरे मृतक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। हादसे के समय वहां मौजूद ठेकेदार राजन और मजदूर ने मलबे में दबे मजदूरों को नहीं बचाया। दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ठेकेदार और मजदूर को पकड़ने में जुट गई है। लोगों का कहना है कि अगर ठेकेदार और लेबर ने कोशिश की होती तो दोनों मजदूरों की जान बच सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications