Noida : श्रीकांत त्यागी के सभी 6 साथियों को जमानत, सोसायटी में घुसकर किया था हंगामा
नोएडा, 16 अगस्त: नोएडा में महिला के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी के समर्थन में ओमेक्स सोसाइटी के अंदर घुसकर हंगामा करने वाले 6 आरोपियों को जमानत मिल गई है। इन सभी आरोपियों को पुलिस ने त्यागी के समर्थन में पीड़ित महिला के साथ बदसलूकी करने और उसे धमकाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया था। ये सभी आरोपी गाजियाबाद के रहने वाले हैं।

महिला को धमकाया, बदसलूकी भी की
दरअसल, नोएडा पुलिस ने एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी के समर्थन में पीड़ित महिला के साथ बदसलूकी करने और उसे धमकाने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार लोगों के कुछ साथी मौके से भाग निकले थे। आरोप है कि छह लोगों ने श्रीकांत त्यागी के खिलाफ मामला दर्ज कराने वाली महिला के साथ बदसलूकी की थी और उसे धमकाया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 9 अगस्त को पुलिस ने इन सभी को जेल भेज दिया था। अब जिला अदालत ने इन सभी छह लोगों प्रिस त्यागी, नितिन त्यागी, लोकेंद्र त्यागी, राहुल त्यागी, रवि पंडित और चर्चिल को जमानत दे दी है।
क्या है पूरा मामला ?
नोएडा के सेक्टर-93बी में ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में एक महिला ने नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए श्रीकांत त्यागी द्वारा कुछ पेड़ लगाने पर आपत्ति जताई थी। इसपर श्रीकांत त्यागी ने महिला के साथ अभ्रद व्यवहार किया और उसे धक्का भी दिया था। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद त्यागी फरार हो गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया था, जिसके बाद त्यागी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया गया। त्यागी पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इनाम घोषित होन के बाद त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications