Mulayam Singh Yadav : मुलायम सिंह के निधन पर फूट-फूटकर रोए समर्थक, कहा- नेताजी के साथ सब कुछ खत्म हो गया
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार की सुबह लंबी बीमारी के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। मुलायम सिंह यादव को लोग उनके राजनीति की शुरुआत से ही धरती पुत्र और नेताजी कहने लगे थे। नेताजी के निधन के साथ ही राजनीति के एक युग का अंत हो गया। पूरे प्रदेश में शौक पसर गया है। वहीं, कार्यकर्ताओं का उनके प्रति प्रेम दिखाई दे रहा है। मुलायम के निधन के बाद सपा का एक कार्यकर्ता फूट-फूटकर रो पड़ा। रोते हुए उसने कहा, नेताजी के निधन के साथ सबकुछ खत्म हो गया।

सैफई ले जाया गया मुलायम का पार्थिव शरीर
गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए सैफई के लिए ले जाया गया है। इस दौरान गुरुग्राम से लेकर सैफई तक रास्ते में जगह-जगह शव यात्रा पर फूल बरसाए गए। सपा कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पिता मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर का काफिला लेकर शाम 5.23 बजे सैफई पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। 'जब तक सूरज चांद रहेगा नेता जी का नाम रहेगा' के नारे गूंजने लगे।

सीएम योगी ने सैफई पहुंचकर दी मुलायम का श्रद्धांजलि
मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यानथ 4:35 बजे इटावा के सैफई पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव को उनके पैतृक गांव सैफई में श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ यूपी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद रहे।

मुलायम सिंह यादव का निधन
मुलायम सिंह यादव को यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की दिक्कत और सांस लेने में तकलीफ की वजह से 2 अक्टूबर को गुरुग्राम के मेदांता में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। 9 दिन तक मेदांता के आईसीयू और क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहने के बाद नेताजी ने सोमवार (10 अक्टूबर) सुबह 8:16 बजे अंतिम सांस ली।












Click it and Unblock the Notifications