'इस गांव में नहीं घुस सकते भाजपा नेता', राम मंदिर नहीं बनने से खफा ग्रामीणों ने लगाया बोर्ड
Uttar Pradesh News, नोएडा। उत्तर प्रदेश में जेवर विधानसभा क्षेत्र के तालड़ा झाड़ला गांव में मतदाता मौजूदा सरकार से खासे नाराज हैं। उनकी इस नाराजगी की वजह है राम मंदिर मुद्दा। यहां ज्यादातर गांव वाले और अखिल भारतीय हिंदू सभा ने इस मुद्दे पर सख्त रूख अपनाते हुए कहा है कि वे भाजपाई नेताओं को गांव में नहीं घुसने देंगे। इसके लिए बाकायदा गांव के बाहर बोर्ड भी लगा दिया गया है, जिस पर लिखा है, गांव में बीजेपी नेताओं का आना सख्त मना है।

'भाजपा ने वादे पूरे नहीं किए, 2019 में झेलेगी'
ग्रामीणों का कहना है कि बीजेपी सरकार के द्वारा जो उनसे वादे किए गए थे, वे पूरे नहीं किये गए हैं। यदि ये वादे पूरा नहीं किये गए तो 2019 के चुनाव में भाजपा को नुकसान उठाना पड़ेगा। ग्रामीणों ने बोर्ड पर लिखा है कि जो भगवान श्री राम के ना हो सके वह देश के क्या होंगे। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकर्ता का कहना है कि बीजेपी के आज तक बड़े नेता ना तो अयोध्या गए हैं और ना ही अध्यादेश लाकर राम मंदिर बनाने के कार्य को शुरू कर रहे हैं। बल्कि बीजेपी के बड़े नेता राम मंदिर के नाम पर भोली-भाली जनता को गुमराह कर राजनीति कर रहे हैं।

वादे सिर्फ हवा-हवाई साबित हो रहे
ग्रामीणों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए गए थे। लेकिन जमीनी स्तर पर वह वादे खोखले साबित हो रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि सरकार में आने से पहले बीजेपी सरकार के नेताओं ने बड़े बड़े वादे करते हुए किसानों की उनकी फसल का उचित मुआवजा वह गांव को शहर की तरह विकास करने का वादा किया था। लेकिन वह वादे सिर्फ हवा-हवाई साबित हो रहे हैं जिसके चलते गांव के लोगों ने गांव के बाहर बोर्ड लगाकर बीजेपी के नेताओं का विरोध करना शुरू कर दिया है।

जिले में भी करेंगे विरोध
ग्रामीणों का कहना है कि ना तो किसानों का कर्ज माफ हुआ है और ना ही गांव में शहर की तरह विकास हुआ है। अगर भारतीय जनता पार्टी अध्यादेश लाकर राम मंदिर को बनाती है तो वह भारतीय जनता पार्टी को वोट देंगे। वरना भारतीय जनता पार्टी के किसी भी नेता को वह गांव के अंदर नहीं घुसने देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे जिले के और गांव में भी जाकर बीजेपी का विरोध करेंगे और सभी गांव के बाहर बीजेपी के नेताओं के गांव में ना आने का बोर्ड लगाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications