समलैंगिक लोगों से संबंध बनाकर करते थे ब्लैकमेल, मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए गैंग के 5 सदस्य
नोएडा। दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में पुलिस ने एक ऐसे गैंग के पांच सदस्यों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जो एक ऐप के जरिए समलैंगिक लोगों से संपर्क करते थे और अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया करते थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से करीब 20 लाख रुपए की कीमत के जेवरात, 1,14,000 रुपए कैश, 24 कीमती घड़ियां, ब्रेजा कार, डीवीडी प्लेयर और अवैध हथियार आदि बरामद किए हैं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को गोली भी लगी है।

समलैंगिक लोगों ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हरीश चंदर के मुताबिक, थाना फेस-3 में कुछ समलैंगिक लोगों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि एक ऐप के जरिए कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया। ऐप के माध्यम से मिले लोगों ने उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लेकमेल करने लगे।

पुलिस पर चलाई गोलियां
डीसीपी ने बताया कि घटना की जांच कर रही थाना फेस-3 पुलिस ने बीती रात सूचना के आधार पर एक कार को रोकने की कोशिश की। इस पर कार चालक ने कार को भगाने की कोशिश की। कार में सवार बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चलाई, पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई।

सैकड़ों लोगों को ब्लैकमेल कर वसूल चुके हैं मोटी रकम
डीसीपी ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली कपिल और राहुल नाम के दो लोगों को लगी हैं। इनके अन्य साथी मनीष, अजय शर्मा और राजकुमार को भी पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि इन लोगों ने अब तक सैकड़ों लोगों को ब्लैकमेल करके मोटी रकम वसूली है। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications