नोएडा में COVID-19 से हुई पांचवीं मौत, 72 प्रतिशत मरीज हुए स्वस्थ
नोएडा। नोएडा जिले में कोरोना संक्रमण से मौत का पांचवां मामला सामने आया है। नोएडा के सेक्टर 8 में रहने वाले 65 साल के एक बुजुर्ग की संक्रमण से मौत हो गई है। ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका इलाज चल रहा था। वहीं, गौतम बुद्ध नगर जिले से राहत की खबर है। यहां कोविड-19 से संक्रमित पाए गए मरीजों में से 72 प्रतिशत मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

जिले में पांचवीं हुई कोरोना संक्रमण से मौत
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के निदेशक ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) डॉ राकेश गुप्ता ने बताया कि सेक्टर-8 निवासी की शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जिम्स अस्पताल में कोरोना वायरस की वजह से यह तीसरी मौत है। वहीं, जिला निगरानी अधिकारी सुनील दोहरे ने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण से गौतमबुद्ध नगर में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जनपद में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों की संख्या 242 है जबकि 173 मरीज अस्पतालों से ठीक हो कर घर जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि यहां पर संक्रमित मरीजों की स्वस्थ होने की दर करीब 72 प्रतिशत है।
442 लोगों को रखा गया है क्वारंटाइन
जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि कुल 69 मरीजों का इलाज यहां के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने बताया कि 442 लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है। अब तक 4,613 लोगों के नमूने लिए गए हैं। उनमें भी ज्यादातर मरीज खतरे से बाहर है। कोई भी मरीज वेंटिलेटर पर नहीं है। कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन एवं यहां के सभी विकास प्राधिकरण लगातार कार्यरत है।
चार को दी गई छुट्टी
उन्होंने बताया कि शहर में लगातार सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। कई टीमें बनाकर घर-घर सर्वेक्षण किया जा रहा है तथा हर व्यक्ति की यात्रा तथा मेडिकल इतिहास की जानकारी पता करने का प्रयास किया जा रहा। शुक्रवार शाम को ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल से तीन महिलाओं सहित चार लोगों को कोविड-19 के संक्रमण से स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दी गई। अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि जिम्स अस्पताल से 70 प्रतिशत मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications