Coronavirus: नोएडा में पकड़ी गई नकली सैनिटाइजर व मास्क बनाने की फैक्ट्री, तीन गिरफ्तार
नोएडा। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच बाजारों में सैनिटाइजर व मास्क की ब्रिकी कई गुना बढ़ गई है। इसका फायदा कालाबाजारी व नकली मॉल बनाने वालों ने उठाना शुरू कर दिया है। शनिवार को नोएडा जिला प्रशासन ने सेक्टर-63 में स्थित एक ऐसी फैक्ट्री पर छापा मारकर विभिन्न कंपनियों के नाम से बने नकली सैनिटाइजर व मास्क बरामद किए हैं। टीम के मुताबिक बरामद माल की कीमत करीब 60 लाख रुपए है। वहीं, मौके से तीन लोगों को हिरासत लिया है।

एसडीएम दादरी राजीव राय ने बताया कि शनिवार को उन्हें बाजार में एसजी कंपनी के नाम से सैनिटाइजर बेचे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर अखिलेश जैन को मौके पर पड़ताल करने के लिए भेजा। पुलिस व टीम को देख मौके पर अफरातफरी मच गई और वहां काम कर रहे करीब सात लोग मौके से फरार हो गए, जबकि तीन कर्मचारियों को पुलिस ने दबोच लिया। कर्मचारियों बताया कि कंपनी के तीन मालिक हैं। कंपनी में इसी माह सैनिटाइजर बनाने का काम शुरू किया गया था। ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके से 95 हजार 800 सैनिटाइजर की खाली शीशियां व ढक्कन, 79 हजार 200 एसजी हेल्थ कंपनी के स्टीकर व करीब पांच हजार मास्क बरामद कर सील कर दिए हैं।
पांच महीने से चल रहा था नकली कारोबार
पूछताछ में बताया कि पांच महीने पहले ही इन लोगों ने यहां नकली सैनिटाइजर बनाने वाली फैक्ट्री खोली थी। इन लोगों ने इमारत के तीसरे फ्लोर को इसके लिए इस्तेमाल किया। छत पर यह सारा माल तैयार करते थे और बोतलों में भरकर कार्टून में भरकर माल सप्लाई किया जाता था। एसडीएम दादरी राजीव राय ने बताया कि, आरोपी एक रजिस्टर्ड कंपनी की शिशियों में नकली मॉल भरकर बेचते थे।
आरोपितों पर ड्रग एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
ड्रग इंस्पेक्टर अखिलेश जैन ने बताया कि माल को सील कर लिया है। कंपनी के तीनों मालिकों समेत सभी कर्मचारियों के खिलाफ ड्रग एक्ट व एसी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें सात वर्ष की सजा का प्रावधान है। डीएम से अनुमति मिलने के बाद मामले की फेज-दो थाने में तहरीर दी जाएगी और मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications