94 साल के कवि एएम जुत्शी गुलजार देहलवी ने कोरोना को दी मात, तस्वीर शेयर करते हुए डीएम ने कहा-मेरे जैसे कई लोगों के लिए प्रेरणा
नोएडा। कोरोना वायरस के संक्रमण को 94 वर्षीय बुजुर्ग ने मात दे दी है। शनिवार रात जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बता दें कि 94 वर्षीय के कवि व पदमश्री एएम जुत्शी गुलजार देहलवी को 1 जून को शारदा में भर्ती कराया गया था। इस मौके पर गौतमबुद्ध नगर के डीएम सुहास एलवाई ने उनकी एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की है। तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि 94 वर्षीय निवासी की कोरोना जांच निगेटिव आने के बाद आज उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

डीएम ने आगे लिखा, 'वह मेरे जैसे कई लोगों के लिए प्रेरणा हैं। आप हमें और भी कठिन परिश्रम करने के लिए प्रेरित करते हैं, हम सभी निवासी आपको बहुत लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं।' दरअसल, सेक्टर-26 में रहने वाले बुजुर्ग कवि व पदमश्री एएम जुत्शी गुलजार देहलवी को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर एक जून को शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उनकी हालत काफी खराब थी। सांस नहीं ले पा रहे थे। उन्हें सीधे आईसीयू में भर्ती किया गया।
डॉक्टर अभिषेक देशवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एक डॉक्टर हमेशा उनके पास मौजूद रहता। इलाज के दौरान पाइप के जरिए उन्हें तरल खाद्य पदार्थ दिया जा रहा था। स्थिति सामान्य होने पर तीन दिन बाद आइसोलेशन के सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया। अस्पताल से जाते समय भावुक हुए कवि ने मेडिकल स्टाफ से कहा कि आप लोगों ने नई जिंदगी दी है। जैसे ही चलने-फिरने लगूंगा घर पर दावत पर बुलाऊंगा। वहीं, फोन पर उनके बेटे को घर पर 14 दिन के लिए क्वारंटाइन रखने के लिए कहा गया है।
दो मरीजों का प्लाज्मा थेरेपी से इलाज
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद रविवार को 42 मरीजों को घर भेजा गया। इसमें 15 महिलाएं भी शामिल हैं। इसमें दो मरीजों का प्लाज्मा थेरेपी से इलाज किया गया है। सभी मरीजों ने यहां की सुविधाओं की सराहना की है। उन्हें 14 दिन घर में क्वारंटाइन रहने, सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications