Noida : 11 साल के बच्चे का अपहरण कर मांगी 30 लाख की फिरौती, 24 घंटे के अंदर एनकाउंटर में धरे गए बदमाश
ग्रेटर नोएडा, 03 अक्टूबर: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में 11 साल के बच्चे के अपहरण की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बच्चे को बरामद करने के साथ ही दो बदमाशों को एनकाउंटर में धर-दबोचा है। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि बच्चे के अपहरण की जानकारी मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। दो बदमाश जो मौके से भागने में कामयाब हो गए हैं, उनकी तलाश की जा रही है।

व्यापारी हैं बच्चे के पिता, बदमाशों ने मांगी थी 30 लाख की फिरौती
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक वन क्षेत्र में रविवार की सुबह एक 11 साल के बच्चे का अपहरण हो गया था। बच्चे के पिता मेक सिंह की जनरल स्टोर की दुकान है। इसके साथ ही वह कमरे भी किराए पर देते हैं। मेक सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उनके बच्चे का अपहरण हो गया है और बदमाश 30 लाख की फिरौती की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने 10 घंटे के अंदर बच्चे को किया बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की बदमाश बच्चे को लेकर इकोटेक थाना क्षेत्र के एक जगह जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस की मदद से पुलिस ने महज 10 घंटे के अंदर ही आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। चार बदमाशों में से दो बदमाशों विशाल और ऋषभ को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया गया, जबकि दो मौके से फरार हो गए।

दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि बच्चे के अपहरण की जानकारी मिलने के तुरंत बाद उन्होंने कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया है। दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। दो बदमाश फरार हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications