Air Pollution in NCR: सबसे खराब स्तर पर पहुंची नोएडा की हवा क्वालिटी, 770 के पार पहुंचा AQI
Air Pollution in NCR: सबसे खराब स्तर पर पहुंची नोएडा की हवा क्वालिटी, 770 के पार पहुंचा AQI
नोएडा, 13 नवंबर: पॉल्यूशन की वजह नोएडा जिले की हवा की क्वालिटी सबसे ज्यादा खराब स्तर पर पहुंच गई है। हवा क्वालिटी के गंभीर स्तर पर पहुंचने के बाद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। दरअसल, शनिवार को नोएडा की हवा का औसत एक्यूआई 772 दर्ज किया गया, जो बहेद गंभीर श्रेणी में है। बताया जा रहा है कि रविवार 14 नवंबर को ये आंकड़ा 800 के पार भी जा सकता है।

वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (सफर) के मुताबिक, रविवार को नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 830 के करीब रहने का अनुमान है। यानी रविवार को हवा और जहरीली हो जाएगी। तो वहीं, हालात में सुधार के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। अगर प्रदेश सरकार ने कोई उचित कदम नहीं उठाए तो आने वाले दिनों में समस्या और बड़ी हो सकती है। एनबीटी की खबर के मुताबिक, पीएम-2.5 का स्तर नोएडा की आबोहवा में लगातार बढ़ रहा है जिसकी वजह से हर तरफ काला सा धुआं नजर आ रहा है।
पिछले तीन दिन से बढ़ रहा है प्रदूषण स्तर
पिछले तीन दिन से लोगों को माइग्रेन से लेकर बैचेनी, उल्टी, घुटन आदि तमाम तरह की दिक्कतें होने लगी हैं। बुधवार को नोएडा का एक्यूआई 374 था पर लोगों ने पहली बार इतनी ज्यादा जलन महसूस की थी। वहीं गुरुवार को स्थिति में सुधार होने के बजाय और गंभीर हो गई। नोएडा का एक्यूआई 434 पहुंच गया। वहीं, शुक्रवार को नोएडा का प्रदूषण स्तर 488 पर पहुंच गया है।
सीपीसीबी ने जारी की प्रदूषण से बचने की जानकारी
सीपीसीबी ने प्रदूषण से बचने के उपायों को लेकर जानकारी भी साझा की। जिन लोगों को खांसने, नाक बहने या फिर छाती में दर्द-भारीपन इत्यादि की शिकायत हो रही है तो उन्हें तत्काल चिकित्सीय परामर्श के साथ घर में ही आराम करने की सलाह दी है। सीपीसीबी ने सलाह दी है कि जिन लोगों को आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़ रहा है, वापस घर पहुंचने के बाद तत्काल चेहरे को दो बार साफ पानी और साबुन से साफ करें। इसके बाद गुनगुने पानी का ही सेवन करें। साथ ही दिनचर्या पर भी नजर रखें। सांस लेने में कठिनाई होने पर बगैर किसी देर किए डॉक्टर से परामर्श करें।












Click it and Unblock the Notifications