नोएडा: दादी ने की हर्ष फायरिंग, सात साल का पोता गोली लगने से हुआ घायल
Noida News, नोएडा। उत्तर प्रदेश ग्रेटर नोएडा में हर्ष फायरिंग के दौरान सात साल के बच्चे को गोली लग गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल बच्चे को इलाजे के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बता दें कि गोली बच्चे की दादी ने चलाई थी।
जानकारी के अनुसार, बादलपुर के अच्छेजा गांव निवासी एक व्यक्ति के पोते का शुक्रवार को नामकरण समारोह था। गाजियाबाद के संजय नगर निवासी महिला अपने मायके में आयोजित कार्यक्रम में पूरे परिवार के साथ शामिल होने आईं थीं। महिला का 7 साल का पोता भी साथ था। खुशी के माहौल में महिला अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर रही थीं।
इसी दौरान एक गोली पास ही खड़े महिला के पोते को जा लगी। बच्चे को गोली लगने पर घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे और उसे वैशाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चे की हालत गंभीर बनी है। वहीं मामले का पता चलने पर बादलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। डीएसपी राजीव कुमार के मुताबिक पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जिस पिस्टल से गोली चली उसका लाइसेंस आदि भी चैक किया जा रहा है। परिजनों से पूछताछ के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- गौतम बुद्ध नगर सीट पर क्या हैं जीत-हार के पुराने सियासी आंकड़े