नरेंद्र मोदी की दिल्ली में 31 को रैली, अब गरमायेगा कैंपेन
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कल सऊदी अरब होते हुए देश वापस चले जाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में विधान सभा का चुनाव प्रचार तेज होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 जनवरी को ईस्ट दिल्ली के सीबीडी मैदान में भाजपा की एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। इसमें किरण बेदी भी रहेंगी। सीबीड़ी मैदान को ईस्ट दिल्ली का सबसे बड़ा मैदान कह सकते हैं। लोकसभा चुनाव की कैंपेन के दौरान भी मोदी ने इधर बड़ी रैली की थी।
क्या है किरण बेदी की योजना
दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार तेज होने के साथ ही भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी मजबूत शासन के वादे के पर खरा उतरने के लिए आईपीएस अधिकारी के अपने तीन दशक से अधिक समय के अनुभव गिना रही हैं, जिससे महिला सुरक्षा, रोजगार और कल्याण की पहल सुनिश्चित हो सकेगी।
बेदी महिला सुरक्षा से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए 6पी योजना पर जोर दे रही हैं। बेदी ने कहा, सरकार लोगों (पीपुल), अभिभावकों (पैरेंट्स), स्कूलों के प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल्स, उपदेशकों (प्रीचर्स) के साथ ही पुलिस, अभियोजन (प्रॉसेक्युशन), जेल (प्रिजन), प्रेस और राजनीतिज्ञों (पॉलिटिशियंस) के साथ मिलकर काम करेंगी।
बेदी ने इस योजना में सही संदेश देने में धार्मिक उपदेशकों की भूमिका पर जोर देते हुए लड़कियों और लड़कों को बराबरी की शिक्षा देने में अभिभावकों और प्राचार्यो की भूमिका को रेखांकित किया है। भाजपा नेता ने पहले से कार्यरत महिला हेल्पलाइन को और अधिक कुशल बनाने का वादा किया। बेदी अपनी रैलियों में दिल्ली में बिजली और पानी की समस्या को समाप्त करने के हल सुझा रही हैं।
तेज होता प्रचार
आज राजपथ पर परेड के खत्म होते ही कई जगहों पर भाजपा और कांग्रेसी उम्मीदवार कैंपेन के लिए निकल पड़े। इनमें विश्वास नगर से कांग्रेसी उम्मीदवार नसीब सिंह, कालका जी से उम्मीदवार सुभाष चोपड़ा और शाहदरा से भाजपा उम्मीदवार जितेन्द्र सिंह शंटी शामिल हैं।
सात फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव प्रचार के लिए सड़क पर निकले मोदी की धूम मची है। आमतौर पर बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच रहने वाले मोदी को अपने बीच देखकर लोगों को न सिर्फ हैरानी हो रही है, बल्कि कुछ लोग तो उनसे ऑटोग्राफ भी ले रहे हैं।
मोदी के हमशक्ल की धूम
आपको हैरानी होगी कि मोदी तो अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दौरे को लेकर व्यस्त हैं, फिर चुनाव प्रचार करने वाला व्यक्ति कौन है। अपनी वेशभूषा से हूबहू मोदी जैसे दिखने वाले 52 वर्षीय इस व्यक्ति का नाम है अभिनंदन पाठक, लेकिन वह अपने आपको नंदन मोदी कहना पसंद करते हैं। वह अपने आपको मोदी का परम भक्त मानते हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में मोदी तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में चुनाव प्रचार करने का दावा करते हैं।













Click it and Unblock the Notifications