दिल्ली-एनसीआर को बड़ा झटका, बढ़ सकता है मेट्रो का किराया
नयी दिल्ली। 2009 से लागू किराए पर अब तक चल रही दिल्ली मेट्रो दिल्ली-एनसीआर को बड़ा झटका दे सकती है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन अब यात्री किराया बढ़ाने का ऐलान कर सकती है। दरअसल डीएमआरसी पर घाटे का संकट मंडराने लगा है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस घाटे से उबरने के लिए दिल्ली मेट्रो के यात्री किराए में बढ़ोतरी की जा सकती है।

डीएमआरसी का कहना है कि सुरक्षित कामकाज और रखरखाव के लिए किराया बढ़ाना जरूरी है। दिल्ली मेट्रो की नोडल एजेंसी, मिनिस्ट्री ऑफ अर्बन डिवेलपमेंट ने अभी तक किराए में संशोधन के लिए नई फेयर फिक्सेशन कमिटी नहीं बनाई है। लेकिन इसे लेकर अब सुगबुगाहट तेज होने लगी है।
सूत्रों की माने तो दिल्ली मेट्रोमें सफर के लिए आपको 10 से लेकर 50 रुपए तक का किराया चुकाना पड़ सकता है। फिलहाल डीएमआरसी ने किराए के मौजूदा 8 से 30 रुपये के 15 वर्गों में रखा है, लेकिन माना जा रहा है कि अब उसे 10 से 50 रुपये के 5 वर्गों का प्रस्ताव दिया है। डीएमआरसी का कहना है कि यह प्रस्ताव लागू करने पर उसकी आमदनी 38 फीसदी तक बढ़ जाएगी।
दिल्ली मेट्रो का ढांचा 13 साल पुराना हो गया है और उनके रखरखाव की ज्यादा जरूरत है। वहीं बिजली महंगी होने से भी खर्च बढ़ने लगे है। ऐसे में किराया बढ़ोतरी मेट्रो की मजबूरी हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications