टीम इंडिया की जीत के जश्न मनाना पड़ा महंगा, डॉक्टर की पीट-पीटकर हत्या
नयी दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक डॉक्टर को टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाना महंगा पड़ा। जीत का जश्न मना रहे डॉक्टर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों में 4 नाबालिग भी शामिल थे।
23 मार्च को जब टीम इंडिया ने रोमांचक तरीके से बंग्लादेश को हराया तो जीत का जश्न मनाने के लिए दिल्ली के विकासपुरी में रहने वाले डेंटिस्ट पंकज नारंग अपने बेटे के साथ क्रिकेट खेलने लगे। इसी दौरान उनकी बॉल सर्विस लेन में जा रहे स्कूटी सवार को लग गई।
डॉ नारंग ने इस बात के लिए उससे माफी भी मांगी, लेकिन लड़का इतना आग बबूला हो गया कि उसने अपने 10-15 दोस्तों के साथ डॉक्टर की पिटाई शुरु कर दी। लड़कों ने लाठी डंडे और पत्थर से उनके घर में घुसकर हमला किया। वो बार-बार माफी मांगते रहे, लेकिन लड़कों पर तो जुनून सवार था। उन्होंने एक ना सुनी और डॉक्टर को घसीटते हुए बाहर लेकर आए। उनके साले ने बचाने की कोशिश की तो उन्हें भी पीटा गया। बदमाशों ने उन्हें इतना पीटा की मौके पर ही डॉक्टर की मौत हो गई। आपको बता दें कि पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications