मोदी से डरे केजरीवाल ने भाजपा से ली सुपारी: कांग्रेस
नयी दिल्ली। दिल्ली में सत्ता का रास्ता अब तक साफ नहीं हो पाया है। दिल्ली की कुर्सी पर कौन बैठेगा इसका फैसला अब तक नहीं हो पाया है, हलांकि सत्ता की जंग अब खुलकर सामने आ रही है। चुनाव कराने के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के बाद अब कांग्रेस ने भी जन जागरण अभियान की शुरूआत कर दी है।

कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर सांठ-गांठ का आरोप लगाया है। अपने जन जागरण अभियान के जरिए कांग्रेस आम आदमी पार्टी और भाजपा की सांठगांठ को बेनकाब करना चाहती है। इस अभियान की शुरूआत हो चुकी है। कांग्रेस के दिग्गजों ने केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कही कि उन्होंने धर्मनिरपेक्ष मतों के विभाजन के लिए भाजपा से सुपारी ले रखी है।
जहां कांग्रेस अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगा रही है तो वहीं इस बयान के बाद आप के खेमे में भी हलचल मच गई है। कांग्रेस ने दावा किया है कि सुपारी आरएसएस समर्थक एक उद्योगपति के माध्यम से ली गई। अपने दावे पर मुहर लगाने के लिए कांग्रेस दलील दे रही है। अपने पक्ष को मजबूत करते हुए कांग्रेस कह रही है कि अरविंद केजरीवाल ने भाजपा से सांठ-गांठ कर ली है, यही वजह है कि आप ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करना बंद कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी डॉ. शकील अहमद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह ने राजीव गांधी के जन्मदिवस पर जहांगीरपुरी से शुरू किए गए जन जागरण अभियान में यह आरोप लगाए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक देवेंद्र यादव ने की। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा दिल्ली के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ना चाहती है। महंगाई से ध्यान हटाने के लिए विवादास्पद बयान को हवा दी जा रही है। सरकार बनाने में विफल भाजपा केजरीवाल से गुप्त साठगांठ करके सरकार बनाना चाहती है। इससे कांग्रेस पर्दा हटाएगी। मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस जन जागरण अभियान में एक दर्जन बड़ी सभाएं करेगी। राष्ट्रपति शासन और 49 दिन की आप सरकार को लेकर एक चार्जशीट कांग्रेस जारी करेगी।


Click it and Unblock the Notifications
