नागपुरः ऑनलाइन गेम के नाम पर व्यापारी से 58 करोड़ की ठगी, नोट की ढेरी देख पुलिस वाले भी हैरान
Nagpur Businessman Fraud: पिछले कुछ सालों में ऑनलाइन गेम खेलने का चलन बढ़ा है और धोखाधड़ी के मामले भी सामने आए हैं। ऐसा ही मामला महाराष्ट्र के नागपुर में भी सामने आया है जहां नागपुर के एक कारोबारी से नवंबर 2021 से 2023 के बीच 58 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की गई है।
इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर नागपुर पुलिस ने गोंदिया में छापेमारी कर 10 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश और 4 किलो सोने के बिस्किट बरामद किये। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि पूरे मामले का मुख्य आरोपी अनंत नवरतन जैन फिलहाल फरार है। पुलिस जैसे ही छापेमारी करने आरोपी के घर पहुंची पूरी टीम नोटों की ढेरी को देखकर अवाक रह गई। पुलिस की टीम को समझ नहीं आ रहा था कि इस नोट को गिने कैसे।

क्या है पूरा मामला
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को शहर के एक बड़े बिजनेसमेन ने नागपुर पुलिस के साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इस शिकायत में उसने चौंकाने वाली ठगी के बारे में बात बताई। पीड़ित के मुताबिक उसे नवंबर 2021 में आरोपी अनंत जैन ने ऑनलाइन गेम में 24 घंटे सट्टा लगाने के लिए कहा और मुनाफा कमाने का लालच दिया। मुनाफे की बात सुनकर वह लालच में आ गया और सट्टा खेलने लग गया। कुछ दिन लाखों में मुनाफा होने के बाद उसे इसकी लत लग गई। जिसके चसते उसने 2021 से 2023 तक गेम में करीब 63 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। उसे इसका तनिक भी अंदाजा नहीं था कि ठगों ने उन्हें झांसा में ले लिया है। पीड़ित ने सट्टेबाजी में खोए पैसे वापस पाने के लिए दोस्तों और रिश्तेदारों से पैसे लेकर फिर से सट्टेबाजी शुरू की, लेकिन वह हारता ही चला गया।
आरोपी ने बिजनेसमैन को दी जान से मारने की धमकी
बिजनेसमैन को जब लगा कि ऑनलाइन गेम के नाम पर उसके साथ बड़ा धोखा हुआ है तो उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने पैसे देने के बजाय उसे जान से मारने की धमकी देते हुए 40 लाख रुपए की रंगदारी तक मांग ली। बिजनेसमैन ने लगातार परेशान करने और 58,42,16,300 रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस इस मामले की तह में जाकर जांच करने में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications