COVID-19: मुजफ्फरनगर में 7 नए मामले, एक ही परिवार के तीन सदस्य भी
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में कोविड-19 के सात नए मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। तीन केस खतौली तथा चार पुरकाजी में हैं। खतौली में एक ही परिवार की एक महिला और उसके दो मासूम पौत्र भी संक्रमित मिले हैं। बच्चों के पिता की एक सप्ताह पूर्व मृत्यु हो चुकी है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 14 हो गई है। वहीं, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अमित सिंह ने बताया कि तीन लोगों की रिपोर्ट का अभी इंतजार है।

मुजफ्फरनगर जिले में एक साथ सात पॉजिटिव केस मिलने से पुलिस-प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। मंगलवार को 58 जांच रिपोर्ट आईं, जिनमें से खतौली के तीन केस पॉजिटिव मिले। यह एक महिला और उसकी चार साल की पौत्री और दो साल का पौत्र भी पॉजिटिव पाए गए हैं। बच्चों के पिता की एक सप्ताह पहले ही मौत हुई थी, जो दिल्ली से आया था।
उधर, पुरकाजी में मिले छह पॉजिटिव में से तीन को तो कोरोना की पुष्टि हो गई है, जबकि तीन की रिपोर्ट सस्पेक्टेड पॉजिटिव है। सभी अलग-अलग मोहल्लों के हैं। ये 10 अप्रैल को पॉजिटिव मिले झारखंड के जमातियों के संपर्क में थे। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि पॉजिटिव मिले सभी सात लोगों को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जा रहा है। सभी कोरोना पॉजिटिव पहले से ही घोषित हॉटस्पॉट क्षेत्र के हैं। वहां पर सख्ती और बढ़ाई जा रही है।
लॉकडाउन उल्लंघन के आरोप में 2,905 लोगों पर केस
इस बीच, जिला अधिकारी लॉकडाउन के दौरान जिले में काफी सख्ती दिखा रहे हैं और नियमों के उल्लंघन के आरोप में 2,000 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मुजफ्फरनगर के एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि जिले में लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में 2,905 लोगों के खिलाफ 639 मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 16,008 वाहन मालिकों पर जुर्माना लगाया गया है और 1,256 वाहन जब्त किए गए हैं।
ये भी पढें:- आजमगढ़: होम क्वारंटाइन में युवक की मौत, कोविड-19 की आशंका पर ग्रामीणों ने किया हंगामा












Click it and Unblock the Notifications