Kanwar Yatra के चलते UP के इस जिले में 16 जुलाई तक बंद रहेंगे सभी स्कूल-कॉलेज, DM ने जारी किए निर्देश
UP Schools-College Closed: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले (Muzaffarnagar) में सभी शैक्षणिक संस्थान 8 दिन तक बंद रहेंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल-कॉलेज 08 जुलाई को बंद होंगे और 16 जुलाई 2023 को खुलेंगे।
दरअसल, यह फैसला कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra) के चलते लिया गया है। मुजफ्फरनगर डीएम अरविंद मल्लप्पा बेंगारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार 04 जुलाई से कांवड़ यात्रा की शुरूआत हो गई है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी शैक्षणिक संस्थानों को 8 से 16 जुलाई तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।

बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गंग नहर रोड पर भी भारी यातायात पर प्रतिबंध लगाया गया है। बता दें कि मंगलवार 04 जुलाई से शुरू हुई कांवर यात्रा का समापन 15 अगस्त को होगा। जब भगवान शिव को पवित्र गंगा जल अर्पित किया जाएगा।
इस दौरान डीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले को 16 जोन और 80 सेक्टर में बांटा गया है और हर जोन में कार्यपालक दंडाधिकारी तैनात किये गये हैं। तो वहीं, संवेदनशील स्थानों पर 1,379 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एसएसपी संजीव सुमन ने कहा कि यात्रा सुरक्षा के लिए 3,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
इतना ही नहीं, 11 जुलाई से दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का मार्ग भी परिवर्तित कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन के मुताबिक, दिल्ली से देहरादून, ऋषिकेश औऱ हरिद्वार जाने वाले राजमार्ग पर यातायात को वैकल्पिक मार्ग की तरफ मोड़ दिया जाएगा। साथ ही, यात्रा मार्ग पर ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications