अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम कहां छिपा है? भांजे ने ED को बता दिया
मुंबई, 24 मई: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर भांजे ने बड़ी जानकारी दी है। दाऊद के भांजे अलीशाह पारकर ने प्रवर्तन निदेशालय को बताया कि दाऊद अभी पाकिस्तान के कराची में रह रहा है। अलीशाह ने पूछताछ के दौरान ईडी को और भी कई अहम जानकारियां दी हैं। अलीशाह ने बताया कि उसका परिवार और वह दाऊद के संपर्क में नहीं है। दाऊद की पत्नी महजबीन त्योहारों के दौरान उसकी पत्नी और बहनों से संपर्क करती है। बता दें, अलीशाह पारकर, दाऊद की बहन हसीना पारकर का बेटा है।

'मेरे पैदा होने से ही दुबई चले गए थे मामू'
मनी लांड्रिंग मामले में ईडी अलीशाह से पूछताछ कर रही है। अलीशाह ने बताया कि उसके मामा दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान के कराची में हैं। वो उसके पैदा होने के पहले ही मुंबई छोड़कर दुबई चले गए थे। वह 1986 तक मुंबई के डंबरवाला बिल्डिंग में रहते थे। अलीशाह ने कहा कि यह बात उसने अपने कई रिश्तेदारों से सुनी है कि दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान के कराची में रहते हैं।
नवाब मलिक का क्या है संबंध ?
नवाब मलिक को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लांड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। मलिक की गिरफ्तारी एक लैंड पर्चेज मामले में 23 फरवरी को हुई थी। आरोप है कि नवाब मलिक अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले से संबंध रखते हैं। उन्हें पहले ईडी की हिरासत में भेजा गया था, फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। विशेष पीएमएलए अदालत ने शुक्रवार को एनसीपी नेता नवाब मलिक के खिलाफ ईडी के आरोप पत्र पर संज्ञान लेते हुए कहा था कि इस बात के प्रथम दृष्टया यह सबूत हैं कि नवाब मलिक सीधे तौर पर जानबूझकर कुर्ला में स्थित गोवावाला परिसर को हड़पने के लिए मनी लांड्रिंग और आपराधिक साजिश में शामिल थे। जज ने कहा था कि नवाब मलिक ने दाऊद की दिवंगत बहन हसीना पारकर और डी कंपनी के अन्य सदस्यों की मदद से संपत्ति हड़प ली थी। ये संपत्ति धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत अपराध की श्रेणी में आती है।












Click it and Unblock the Notifications