कोरोना से गंभीर रूप से संक्रमित लड़की के लिए मसीहा बने सोनू सूद, एयरलिफ्ट कर पहुंचाया अपोलो अस्पताल
कोरोना काल में गरीब, प्रवासी मजदूरों के मसीहा बने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद शुक्रवार को एक और कोरोना मरीज के लिए भगवान बनकर आए।
मुंबई, 24 अप्रैल। कोरोना काल में गरीब, प्रवासी मजदूरों के मसीहा बने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद शुक्रवार को एक और कोरोना मरीज के लिए भगवान बनकर आए। शुक्रवार को अभिनेता सोनू सूद ने कोरोना से गंभीर रूप से संक्रमित एक लड़की को एयरलिफ्ट कर एयर एंबुलेंस से नागपुर से इलाज के लिए हैदराबाद पहुंचाया। आज सोनू सूद को कौन नहीं जानता। पिछले साल कोरोना काल में लोगों की मदद कर वह सुर्खियों में छाये रहे। हाल ही में उनका कोविड टेस्ट भी पॉजिटिव आया था, लेकिन उसके बावजूद भी वह लोगों की मदद में दिन रात लगे रहे। आज सोनू गरीबों के मसीहा बन चुके हैं।
Recommended Video

25 वर्षीय भारती के लिए बने मसीहा
कोरोना से संक्रमित 25 वर्षीय भारती के 85-90 प्रतिशत फेंफड़े खराब हो चुके थे। सोनू की मदद से भारती को नागपुर के वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि भारती के फेंफड़ों का प्रत्यारोपण होना है जो कि हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में ही संभव है।
इसके बाद सोनू सूद ने हैदराबाद स्थित अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों से संपर्क साधा। जहां से उन्हें पता चला कि ईसीएमओ नाम का एक उपचार संभव है जिसमें फेंफड़ों से भार को कम करने के लिए कृत्रिम तरीके से शरीर में खून की पंपिंग की जाती है।

लड़की के बचने की 20% संभावना थी
सोनू ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि, 'अपोलो के डॉक्टरों ने मुझसे कहा कि लड़की के बचने की 20% संभावना है क्या आप फिर भी आगे बढ़ना चाहेंगे। मैंने डॉक्टरों से कहा कि बिल्कुल। लड़की की उम्र अभी 25 वर्ष है और वह पूरी मजबूती के साथ इससे लड़ेगी और ठीक होगी।' इसके बाद मैंने भारती को एयरलिफ्ट कर अपोलो अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। देश की सर्वश्रेष्ठ डॉक्टरों की टीम फिलहाल उसका इलाज कर रही है। मुझे विश्वास है कि सब ठीक होगा और वह जल्द ही ठीक होकर वापस आएगी।

पहली बार कोरोना मरीज के लिए इस्तेमाल हुई एयर एंबुलेंस
शायद ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी कोविड मरीज के लिए एयर एंबुलेंस का इस्तेमाल किया गया है। भारती के पिता रेलवे से रिटायर्ड हैं। भारती के पिता और उनका पूरा परिवार जल्द से जल्द भारती के ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।
हाल ही में सोनू सूद को भी कोरोना हुआ था उन्होंने 7 अप्रैल को पंजाब के अपोलो अस्पताल में कोरोना की वैक्सीन लगवाई। कोरोना वैक्सीन के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए सोनू सूद ने संजीवनी- जिंदगी की खुराक नाम का एक अभियान भी शुरू किया है।












Click it and Unblock the Notifications