कांग्रेस ने कहा शिवसेना को नहीं देंगे समर्थन, भाजपा बोली हमारे पास आओ एक शब्द ना कहेंगे
कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने आज साफ कहा कि शिवसेना के कुछ नेताओं ने हमारे साथ बात की है लेकिन हम उनसे गठबंधन नहीं करेंगे। वहीं शिवसेना ने इसे गलत बताया है।
मुंबई। बीएमसी चुनाव के नतीजे आने के बाद किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी शिवसेना और दूसरे नंबर की भाजपा बहुमत साबित करने के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश में हैं। कहा जा रहा था कि शिवसेना को कांग्रेस का समर्थन मिल सकता है लेकिन कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने इससे साफ इंकार कर दिया है। संजय निरुपम ने आज साफ कहा कि शिवसेना के कुछ नेताओं ने हमारे साथ बात की है लेकिन हम किसी ऐसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेंगे जो सांप्रदायिकता और जाति के नाम पर राजनीति करती है।

संजय निरुपम की बात को शिवसेना ने नकार दिया है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि शिवसेना की ओर से कोई भी कांग्रेस से समर्थन मांगने नहीं गया, उनका दावा गलत है। वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि वो कांग्रेस से किसी भी कीमत पर गठबंधन नहीं करने जा रहे हैं। फड़नवीस ने शिवसेना को फिर से साथ आने के लिए न्यौता दिया है। उन्होंने कहा कि शिवसेना चाहे तो साथ आ सकती है, वो अपने मुंह से एक शब्द तक नहीं कहेंगे। आपको बता दें कि 25 साल बाद भाजपा और शिवसेना ने इस बार अलग-अलग चुनाव लड़ा है। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पार्टियों में काफी कड़वाहट भी देखने को मिली थी। शिवसेना की तरफ से भाजपा को कोबरा और धोखेबाज कहा गया था। फड़नवीस और उद्धव ठाकरे ने चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया हुआ था।
नतीजों के बाद क्या है बीएमसी में बहुमत का गणित
बीएमसी की 227 सीटों पर हुए चुनाव में 84 सीटें शिवसेना, भाजपा ने 82, कांग्रेस ने 31, अन्य ने 14, एनसीपी ने नौ और एमएनएस ने सात सीटें जीतीं हैं। चुनाव नतीजे आने के बाद किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिल पाया है। नतीजों में शिवसेना सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है तो वहीं भाजपा भी उससे सिर्फ दो सीटें ही पीछे हैं। बीएमसी में बहुमत के लिए 114 सीटें चाहिएं। ऐसे में कांग्रेस का समर्थन मिले तो शिवसेना को बहुमत मिल सकता है लेकिन कांग्रेस ने इससे इंकार कर दिया है। अब देखना है कि क्या एक बार फिर से भाजपा और शिवसेना साथ आते हैं या फिर बहुमत के लिए पार्टियां कोई और जोड़-तोड़ करती दिखेंगी।












Click it and Unblock the Notifications