शरद पवार के दौरे पर एथलीट ट्रैक बना गाड़ियों की पार्किंग, महाराष्ट्र खेल विभाग ने मांगी माफी
महाराष्ट्र के पुणे से बीजेपी विधायक सिद्धार्थ सिरोल ने रविवार को एक वीडियो पोस्ट कर महाराष्ट्र सरकार पर खिलाड़ियों की खेल भावना को आहत करने का आरोप लगाया है।
मुंबई, 27 जून। महाराष्ट्र के पुणे से बीजेपी विधायक सिद्धार्थ शिरोल ने रविवार को एक वीडियो पोस्ट कर महाराष्ट्र सरकार पर खिलाड़ियों की खेल भावना को आहत करने का आरोप लगाया है। वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को महाराष्ट्र सरकार की शिव क्षत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक बैठक हुई थी।
बैठक में शामिल होने वाले लोगों ने अपनी कारों को स्पोर्ट्स ट्रैक पर ही पार्क कर दिया जबकि मीटिंग हॉल वहां से मात्र 15 कदम की दूरी पर था। कारों को वहां भी पार्क किया जा सकता था, लेकिन उन्होंने कारों की पार्किंग के लिए स्पोर्ट्स ट्रैक को ही चुना। उन्होंने आगे कहा कि मीटिंग हॉल तक जाने के लिए लिफ्ट का उपयोग करने की भी सुविधा थी। इस बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र के खेल मंत्री सुनील छत्रपाल और राज्य मंत्री अदिति एस तटकरे मौजूद थे। उन्होंने कहा कि इस घटना ने खिलाड़ियों की खेल भावना को ठेस पहुंचाई है।

आरोपों पर महाराष्ट्र खेल विभाग ने मांगी माफी
बीजेपी विधायक के आरोपों पर सफाई दे प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र खेल विभाग ने माफी मांगी है। महाराष्ट्र के खेल आयुक्त ओम प्रकाश बकोरिया ने कहा कि चूंकि शरद पवार को चलने में दिक्कत है इसलिए केवल उन्हें ट्रैक पर गाड़ी पार्क करने की अनुमति दी गई थी, और उन्हें भी ट्रैक के पास बने बजरी के रोड पर गाड़ी पार्क करने को कहा गया था, लेकिन अचानक से कुछ वाहन वहां पहुंच गए।
यह भी पढ़ें: Fuel Rates: फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, मुंबई में कीमत 104 के पार
खेल मंत्री बोले, दोबारा ऐसी चूक न हो
इस पूरी घटना पर खेल मंत्री ने संज्ञान लिया है और कहा कि भविष्य में एथलेटिक ट्रैक पर वाहनों को खड़े करने की अनुमति न दी जाए।
केंद्रीय खेल मंत्री ने भी साधा निशाना
इस पूरे मामले पर केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने भी निशाना साधा। उन्होंने इस मामले की निंदा करते हुए लिखा, 'जैसा कि हमारे देश में पर्याप्त खेल सुविधाओं की कमी है। सभी खेल केंद्रों को उचित देखभाल की आवश्यकता है।'












Click it and Unblock the Notifications