कार में बैठने से पहले बाबा सिद्दीकी पर बरसने लगीं गोलियां, हमलावरों ने कितने राउंड की फायरिंग, कहां-कहां लगी?
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन हमलावरों ने बाबा सिद्दीकी पर छह राउंड फायर किए, जिसमे से तीन गोली उन्हें लगी, जिसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बाबा सिद्दीकी शनिवार की रात को जब अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस से बाहर निकल रहे थे, इसी दौरान तकरीबन 9.30 बजे उनपर नकाबपोश हमलावरों ने धावा बोल दिया और उनकी कार पर गोलियां बरसाने लगे।

6 राउंड फायरिंग
बाबा सिद्दीकी जब कार में बैठ रहे थे, इसी दौरान हमलावरों ने गोली चलानी शुरू कर दी। हमलावरों ने कुल 6 राउंड फायर किए, जिसमे से दो बुलेट बाबा सिद्दीकी के सीने में लगीं। जबकि एक गोली उनके पेट में लगी। घायल अवस्था में बाबा को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
3 गोली लगी बाबा को
मुंबई क्राइम ब्रांच की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बाबा सिद्दीकी पर कुल 6 राउंड फायरिंग की गई थी। जिसमे से 3 गोली बाबा सिद्दीकी को लगी थी। तीसरे आरोपी की पहचान हो गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रात 11.27 पर मौत
लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की कि बाबा सिद्दीकी की की गोली लगने से 11.27 बजे मृत्यु हो गई, उन्हें दो गोली लगी थी। लीलावती अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर नितिन गोखले ने बताया कि बाबा सिद्दीकी साहब को रात 9.30 बजे अस्पताल लाया गया था, उस वक्त उनकी पल्स नहीं चल रही थी ना ही ब्लड प्रेशर था।
उनके सीने में दो गोली लगी थी। हमने इमरजेंसी में उनका मॉनिटरिंग शुरू की थी। उन्हें 11.27 बजे आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बाबा सिद्दीकी को कितनी गोली लगी, यह पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो पाएगा।
9.9 एमएम पिस्टल से फायरिंग
सूत्रों की मानें तो हमलावरों ने 9.9 एमएम की पिस्टल से फायरिंग की थी। हमलावरों को कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की सुपारी मिली थी। तीन शूटर्स के अलावा इस हमले में एक चौथा आरोपी भी शामिल था जोकि हमलावरों को जानकारी मुहैया करा रहा था।
हत्या से पहले रेकी, ट्रैकिंग
रिपोर्ट की मानें तो शूटर्स का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ संपर्क था। इन लोगों ने हमला करने से पहले मौके की रेकी की थी। शूटर्स जीशान सिद्दीकी और उनके परिवार के बाकी के सदस्यों के मूवमेंट को ट्रैक कर रहे थे।
15 दिन पहले मिली थी धमकी
बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा नाम थे, उन्होंने फरवरी माह में कांग्रेस छोड़ अजित पवार की एनसीपी का दामन थामा था। उन्हें 15 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाकर वाई श्रेणी की कर दी गई थी।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस प्रशासन की ओर से पुष्टि की गई है कि दो संदिग्धों को तत्काल घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी का नाम गुरमैल बलजीत सिंह है जोकि हरियाणा का है, जिसकी उम्र 23 वर्ष है। जबकि दूसरा संदिग्ध धर्मराज राजेश कश्यप उत्तर प्रदेश का है, जिसकी उम्र सिर्फ 19 वर्ष है।
बिश्नोई गैंग का लिंक
घटना के बाद हत्या की जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में बिश्नोई लिंक की भी जांच की जाएगी। इस मामले में निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications