जब ट्रैफिक सिग्नल पर किताब बेचने वाले लड़के को उस शाम शिल्पा शेट्टी मिल गईं
मुंबई। फिल्मी सितारों से मिलना किसी भी आम इंसान के लिए एक सपने की तरह होता है और फिर किसी दिन ये सपना अचानक पूरा हो जाए, तो फिर खुशी कहां संभाले संभलती है।

मुंबई के ट्रैफिक सिग्नल पर एक लड़का घूम-घूम कर किताब बेचता है, जैसे ही लाला बत्ती होती है ये लड़का दौडकर कारों के पास पहुंच जाता है और शीशे की तरफ किताब बढ़ाकर उसे खरीदने की दरख्वास्त करता है। अमूमन कारों के शीशे नहीं उतरते, कार के अंदर बैठे लोग उस तरफ स मुंह भी फेर लेते हैं, इससे उसे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, रोज होता है तो आदत हो गई है।
हर रोज की तरह उस शाम ये लड़का किताब बेच रहा था। रेड लाइट हुई तो उसने जो किताबें बेचने को उठाई वो थी शिल्पा शेट्टी की 'द ग्रेट इंडियन डाइट'।
इस किताब को लेकर लड़का जब एक कार के शीशे के करीब पहुंचा तो शीशा उतरा और एक बेहद खूबसूरत महिला ने मुस्कुराते हुए उसकी तरफ देखा। एकबारगी तो लड़का पहचान ही नहीं पाया लेकिन फिर देखा कि अरे ये तो शिल्पा है, शिल्पा शेट्टी। इतनी बड़ी हीरोइन और जो किताब उसके हाथ में हैं उसकी लेखिका।
ये लड़का किताब बेचना भूल गया एक बड़ी सी मुस्कुराहट उसके चेहरे पर बिखर गई थी। इस खूबसूरत सी मुस्कान को शिल्पा अपने मंहगे से फोन के कैमरे में कैद कर रही थीं।
शिल्पा शेट्टी ने अपने साथ मुंबई के ट्रैफिक सिग्नल पर हुए इस वाकये का जिक्र सोशल मीडिया पर किया है। शिल्पा ने इस किताब बेचने वाले लड़के की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि मेरी किताब मुझे ही बेचने के लिए इस लड़के की मुस्कान का कोई मोल नहीं था, जब उसने मुझे देखा।
शिल्पा शेट्टी की ये पोस्ट बेहद वायरल हो रही है। यूजर्स इस पर कई तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications