मुंबई में 20 मंजिला बिल्डिंग में लगी आग, 7 लोगों की मौत, 15 घायल
मुंबई में भाटिया हॉस्पिटल के पास एक 20 मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से 7 लोगों की मौत की खबर है।
मुंबई, 22 जनवरी: महाराष्ट्र के मुंबई में शनिवार सुबह एक भयानक हादसा हो गया। मुंबई के तारदेव में भाटिया हॉस्पिटल के पास स्थित 20 मंजिला कमला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई, जिसकी वजह से अब तक सात लोगों की मौत होने की खबर है। इसके अलावा हादसे में करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
Recommended Video

वहीं पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपए की आर्थिक मदद और घायलों के लिए 50 हजार रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर भेज दी गईं, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। वहीं, एहतियात के तौर पर बिल्डिंग के पास 5 एंबुलेंस को स्टैंड-बाई मोड पर रखा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हादसे पर मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बयान देते कहा कि रेस्क्यू किए गए 6 बुजुर्ग लोगों को ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम की जरूरत थी, जिन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन धुंआ बहुत ज्यादा है। बिल्डिंग से बाकी लोगों को बचा लिया गया है।
घायलों में तीन की हालत गंभीर
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कमला बिल्डिंग की 18वीं मंजिल पर सुबह करीब 7:30 बजे यह आग लगी। हादसे में घायल हुए 15 लोगों को नजदीकी भाटिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि बाकी का इलाज जनरल वार्ड में चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications