मुरैना में बेटे के भविष्य के लिए पिता ने किया फर्जीवाड़ा और खुद ही कर दी शिकायत।
मुरैना मे एक पिता ने अपने बेटे का भविष्य बनाने के लिए बेटे के जन्म प्रमाण पत्र में उसकी उम्र को लेकर गड़बड़ी कर दी, नवोदय विद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिए ऐसा किया गया, सीएम हेल्प लाइन में शिकायत भी की लेकिन फिर सारी पो
मुरैना, 23 अगस्त। मुरैना में एक पिता ने अपने बेटे का भविष्य बनाने के लिए पहले तो फर्जीवाड़ा कर दिया और इसके बाद सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी। शिकायत के बाद इस बात का खुलासा हो गया कि पिता ने किस तरीके से अपने बेटे का भविष्य बनाने के लिए फर्जीवाड़ा किया था। फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ तो शिकायतकर्ता पिता ने अपनी शिकायत वापस ले ली।

कैलारस इलाके के चौकी गांव का है मामला
पूरा मामला कैलारस इलाके के चौकी गांव का है। चौकी गांव में रहने वाले धर्मवीर सिंह अपने बेटे को नवोदय विद्यालय में दाखिला दिलवाना चाहते थे इसके लिए उन्होंने अपने बेटे की जन्म प्रमाण पत्र में छेड़खानी करते उसकी उम्र गलत बता दी। धर्मवीर सिंह को लगा कि इस बात का किसी को पता नहीं लगेगा और उसका बेटा अच्छे स्कूल में पहुंच जाएगा जिससे उसका भविष्य बन जाएगा।

13 साल की उम्र में होता है नवोदय विद्यालय में दाखिला
नवोदय विद्यालय में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र 13 साल होनी चाहिए। इसलिए धर्मवीर ने भी अपने बेटे की उम्र 13 साल दिखाने के लिए उसके जन्म प्रमाण पत्र में हेरफेर कर दिया। बच्चे ने दाखिले के लिए होने वाले एग्जाम को भी पास कर लिया लेकिन दाखिले की उम्र की पात्रता नहीं होने की वजह से धर्मवीर के बेटे का दाखिल होने में अड़चन आ रही थी इसलिए धर्मवीर ने जन्म प्रमाण पत्र में हेराफेरी करके उसकी उम्र 13 साल बता दी।

वेरिफिकेशन नहीं होने पर कर दी थी सीएम हेल्पलाइन में शिकायत
दाखिले से पहले धर्मवीर के बेटे की उम्र के वेरिफिकेशन के लिए जिला अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला गया लेकिन रिकॉर्ड मैच नहीं होने की वजह से वेरिफिकेशन नहीं हो पाया। वेरिफिकेशन में हो रही देरी को लेकर धर्मवीर सिंह ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी लेकिन शिकायत के बाद मामले की जांच में खुलासा हो गया कि बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में अंतर है।

पोल खुलने पर शिकायत ले ली वापस
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करके धर्मवीर ने सोचा था कि उसका काम हो जाएगा और बच्चे की उम्र का वेरिफिकेशन जल्दी हो जाएगा लेकिन इसके ठीक उलट हो गया। सीएम हेल्पलाइन की शिकायत की जांच में यह बात सामने आई कि बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में छेड़खानी की गई है। अपनी पोल खुलते देख धर्मवीर सिंह ने सीएम हेल्पलाइन में की गई अपनी शिकायत को वापस ले लिया। इसके साथ ही उसने अपने द्वारा की गई इस बड़ी गलती के लिए माफी भी मांगी।












Click it and Unblock the Notifications