झूठ साबित हुई महिला के किडनैप की बात, अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ गई थी नवविवाहिता
मुरैना मे नवविवाहिता भानु के किडनैप की बात निकली झूठी, भानु ने पुलिस से कहा मैं अपनी मर्जी से गोलू के साथ गई थी।
मुरैना, 18 मई। मुरैना में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के सामने किया गया ड्रामा झूठ साबित हुआ। परिजनों ने जिस महिला के अपहरण की बात बताई थी, उसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस अभिरक्षा मे महिला ने बताया कि उसका किडनैप नहीं हुआ है वह तो अपनी मर्जी से अपने प्रेमी गोलू के साथ गई थी।

भानु ने पुलिस से कहा मेरा किडनैप नहीं हुआ
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सक्रिय हुई और पुलिस ने अपहत हुई भानु खटीक को ढूंढ निकाला। पुलिस हिरासत में भानु ने पुलिस को बताया कि उसका किडनैप नहीं हुआ है बल्कि वह तो अपने प्रेमी गोलू तोमर के साथ अपनी मर्जी से गई थी। भानु ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसकी शादी करा दी, वह तो गोलू को प्यार करती है। भानु ने बताया कि जब वह अपनी बहन के साथ बाजार गई थी तो उसे गोलू मिल गया और वह गोलू के साथ अपनी मर्जी से चली गई।
भानु की छोटी बहन ने बताई थी अपहरण की कहानी
भानु की छोटी बहन वंदना ने पुलिस को बताया था कि उसकी बहन को कट्टे की नोक पर अपहरण करके गोलू और उसके साथी गाड़ी मे जबरन बैठा कर ले गए थे। वंदना ने कहा था कि उसे भी गोलू ने कट्टा दिखाकर धमकाया था। लेकिन भानु ने इस पूरे घटनाक्रम झूठा बताया है।
पुलिस के सामने किया परिजनों ने हंगामा
भानु के परिजनों को जब खबर मिली कि पुलिस उनकी बेटी को वापस ले आई है तो परिजन पुलिस के पास पहुंच गए। यहां पुलिस और परिजनों के बीच तकरार भी हुई। भानु के परिजनों ने पुलिस के सामने हंगामा भी किया जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत मे ले लिया। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस ने भानु के परिजनों को छोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications