केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मुरैना जिले के पोरसा और अंबाह में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
Morena News: केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित दल है। हम सभी को संगठित होकर अपने बूथ की मजबूती के लिए प्रयास करना चाहिए। हमारी केंद्र व राज्य सरकारों ने गरीब कल्याण की अनेकों योजनाएं लागू की हैं। उन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाएं और जनता से जीवंत संपर्क रखते हुए 2023 और 2024 में होने वाले चुनावों में जीत हासिल करें।
केंद्रीय मंत्री व मध्यप्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और केंद्रीय मंत्री व मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने शनिवार को मुरैना जिले की पोरसा और अंबाह विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।

जनता के बीच जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दें: भूपेंद्र यादव
केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित दल है। हमारा प्रत्याशी कोई भी हो, लेकिन हमें यह ध्यान रखना होगा कि हमारा प्रत्याशी कमल का फूल है, जिसे जीत दिलाने के लिए हमें पूरे समर्पण के साथ परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए काम करना है।
उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को संगठित होकर संगठन का कार्य करना है और जनता में बीजेपी सरकारों के लोककल्याणकारी योजनाओं को बताना है। हमें बूथ स्तर पर पहुंचकर प्रत्येक कार्यकर्ता से संपर्क कर तथा जनता का समर्थन हासिल करते हुए चंबल क्षेत्र में अधिक से अधिक विधानसभा सीटें जीतने का प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह से यह प्रतीत होता है कि आने वाला विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी चंबल संभाग की सभी सीटों पर भारी बहुमत से विजयी होगी।
सक्रियता के साथ काम में जुट जाएं पार्टी कार्यकर्ताः नरेंद्रसिंह तोमर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर कहा कि चुनाव का समय नजदीक है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता सक्रिय होकर बूथ में संपर्क करें। जिस प्रकार बीते चुनाव में आप सभी कार्यकर्ताओं ने कमल के फूल को अपना प्रत्याशी मानते हुए पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाई, उसी तरह इस बार भी उससे बड़ी जीत हासिल करने का प्रयास करें। तोमर ने कहा कि बूथ हमारे संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाते हुए कार्यक्रम आयोजित करें। पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क करें तथा चुनाव के काम में उनका मार्गदर्शन और सहयोग लें।
केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाएं तथा इन योजनाओं के हितग्राहियों से लगातार संपर्क रखें। हम इन गरीब कल्याण की योजनाओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत से चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेंगे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री रामरूप सिंह तोमर एवं नगर मंडल अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता ने किया।
कांग्रेस के सैकडों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान 100 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ योगेश पाल गुप्ता, जिला संयोजक वल्लभ दंडोतिया, विधानसभा संयोजक गजेंद्र सिंह तोमर, विधायक कमलेश जाटव, नगर पालिका अध्यक्ष पोरसा अंजलि जैन, अंबाह नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमा देवी तोमर, जनपद अध्यक्ष पोरसा अनुराधा देवेश तोमर, जनपद अध्यक्ष अंबाह मधुरिमा तोमर, पूर्व विधायक कमलेश सुमन, सत्यप्रकाश सखबार, साहिब सिंह तोमर, जीनेश जैन सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications