पेटीएम के साउंड बॉक्स के नाम पर भी हो रही ठगी, रहिए सावधान
मुरैना में पेटीएम साउंड बॉक्स लगाने के नाम पर एक दुकानदार के साथ ठगी हो गई
मुरैना, 18 जुलाई। अब पेटीएम के साउंड बॉक्स के नाम पर भी ठगी होने लगी है। ऐसा ही एक मामला मुरैना जिले में सामने आया है। यहां एक दुकानदार को पेटीएम का साउंड बॉक्स लगाने के नाम पर ठगी करने गए ठगों ने अनोखा तरीका अपनाया। इसका शिकार दुकानदार हो गया। दुकानदार ने इस बात की शिकायत पुलिस में भी की है।

प्रोवीजन स्टोर के मालिक को बनाया ठगों ने अपना शिकार
मुरैना में राकेश कुमार गोयल नाम के व्यापारी प्रोवीजन स्टोर चलाते हैं। मुरैना के सीताराम पातीराम धर्मशाला रोड पर राकेश कुमार गोयल का प्रोवीजन स्टोर है। राकेश कुमार की दुकान पर 3 लोग पहुंचे। जिस वक्त तीन लोग दुकान पर पहुंचे उस वक्त राकेश कुमार का बेटा विक्की दुकान पर बैठा हुआ था। दुकान पर पहुंचे तीन लोगों ने विक्की को पेटीएम कंपनी का साउंड बॉक्स फ्री में लगाने का ऑफर दिया।
फ्री के लालच में आ गया दुकानदार
दुकान पर पहुंचे 3 लोगों ने दुकान पर बैठे विक्की को बताया की पेटीएम कंपनी बिना कोई रुपए लिए साउंडबॉक्स लगा रही है। जब भी कोई ग्राहक तुम्हें ऑनलाइन पेमेंट भेजेगा तो इस साउंडबॉक्स से मैसेज की आवाज आएगी जिससे कंफर्म हो जाएगा कि तुम्हारे खाते में ग्राहक ने पैसे भेजे हैं। ऐसा करने से तुम्हारे साथ ठगी नहीं हो पाएगी। ठगी का शिकार होने से बचने और फ्री में लग रहे साउंड बॉक्स को देखकर विक्की साउंड लगवाने तैयार हो गया।
धौलपुर से आए थे तीनो ठग
धौलपुर से आए तीनों ठग ने जब फ्री में साउंड बॉक्स लगाने का ऑफर दिया तो दुकानदार तुरंत ही राजी हो गया। इसके बाद ठगो ने राकेश कुमार गोयल के अकाउंट की जानकारी लेकर उसे अपने मोबाइल में एक्टिव कर लिया और राकेश कुमार का अकाउंट अपने मोबाइल में खोल लिया।
साउंड बॉक्स लगाने के दौरान दुकान पर पहुंचे दो ग्राहक
साउंड बॉक्स जब दुकान पर ठगो द्वारा लगाया जा रहा था उसी वक्त दुकान पर दो ग्राहक भी पहुंचे। इन ग्राहकों ने राकेश कुमार गोयल की दुकान पर से तकरीबन साढे तीन हजार का कॉस्मेटिक का सामान खरीद लिया और सामान खरीदने के बाद पेटीएम के माध्यम से राकेश कुमार गोयल को उसका भुगतान भी कर दिया। इसके बाद ग्राहक वहां से चले गए।
ठग ने ग्राहक के खाते में वापस कर दिए रुपए
ग्राहक तो पेटीएम से भुगतान करके दुकान से चले गए इसके बाद जिस ठग ने अपने मोबाइल में दुकानदार राकेश कुमार गोयल का खाता एक्टिव कर रखा था उसने चुपके से ग्राहकों द्वारा किए गए भुगतान को वापस ग्राहकों के ही खाते में भेज दिया और इसके बाद तीनों ठग दुकान से निकल आए।
खाता चेक करने पर ठगी का खुलासा
साउंड सिस्टम लगाने के बाद दुकानदार के यहां से तीनों ठग चले गए। जब राकेश कुमार गोयल ने अपना खाता चेक किया तब उन्हें मालूम हुआ कि उनके खाते में ग्राहक ने जो साढे तीन हजार रुपए डाले थे वे रुपए वापस ग्राहक के खाते में पहुंच गए हैं। यह देखकर राकेश कुमार गोयल समझ गए कि उनके साथ ठगी हुई है। ग्राहक बनकर आए लोग भी साउंड बॉक्स लगाने वाले ठगों के ही साथी ही थे।
पुलिस मे की शिकायत
दुकानदार राकेश कुमार गोयल ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत पुलिस में की है। ठगो द्वारा ठगी का नया तरीका अपनाए जाने पर पुलिस भी हैरान है। हालांकि पुलिस ने दुकानदार का आवेदन लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications