पीएम मोदी की योजना के तहत बने शौचालय में बैठा बुजुर्ग, सिर पर भरभराकर गिरी छत
Moradabad news, मुरादाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत बने शौचालय की छत गिरने से मलबे में दबकर एक बुजुर्ग घायल हो गया। आनन-फानन में उन्हें मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। ग्रामीणों ने शौचालय में घटिया सामग्री लगाने पर प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बता दें, अधिकारियों ने जिले को ओडीएफ घोषित किया था, लेकिन इस घटना के बाद लोग शौचालय जाने से डर रहे हैं।

शौचालय में बैठते ही भरभराकर गिरी छत
मामला मुरादाबाद के विकास खंड मूंढापांडे की ग्राम पंचायत महेशपुर भीला का है। बीते मंगलवार की सुबह जीवन सिंह ग्राम प्रधान द्वारा बनवाये गए शौचालय में डरते हुए शौच करने गए। जैसे ही वह बैठे तो घटिया समाग्री से बना शौचालय की छत भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी। परिजनों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला और जिला अस्तपाल ले गए। यहां उनका उपचार किया।

मानक के अनुरूप नहीं हैं शौचालय
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा बनाये गए शौचालय मानक के अनुरूप नहीं बने हैं। एक शौचालय बनाने में प्रधान से सिर्फ एक बोरी सीमेंट का इस्तेमाल किया है।गांव वालों का साफ कहना है कि अस्पताल जाने से तो अच्छा है कि वह खुले में ही शौच करने जाएं। जीवन सिंह के परिवार वालों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ थाना मूंढा पांडे में प्रार्थना पत्र देकर शौचालय में घटिया सामग्री लगाने पर कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications